– कुछ घंटे बाद रहस्यमय तरीके से मिलीं बंदूक व कारतूस मुरैना, 24 जून (हि.स.)। दिमनी थाने की मिरघान चौकी के मालखाने में रखीं दो बंदूक व कारतूस बुधवार-गुरुवार की रात चोरी हो गईं। चोरी का पता सुबह सूरज निकलने के बाद तब चला जब वहां तैनात आरक्षक मालखाने की तरफ गया। वहां पर मालखाने के दरवाजे की कुंण्डी टूटी हुई थी। उधर इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल की। हालांकि कुछ घंटे बाद चोरी गईं बंदूक चौकी में ही मिलने की बात अधिकारियों द्वारा कही जा रही है। कारतूस अभी नहीं मिले हैं। कारतूस को बरामद करने के प्रयास किए जा रहे हैं। मिरघान चौकी के मालखाने में रखे संदूक से बुधवार- गुरुवार की रात दो सरकारी बंदूक तथा करीब डेढ़ सैकड़ा कारतूस चोरी हो गए। चोरों ने पहले मालखाने के दरवाजे की कुण्डी तोड़ी तत्पश्चात संदूक का ताला तोड़कर उसमें रखीं हुईं बंदूक व कारतूस ले गए। उधर चोरी की इस घटना का खुलासा तब हुआ जब चौकी का आरक्षक वहां आया और उसने दरवाजे की कुण्डी टूटू हुई पाई। तत्काल मालखाने में रखे संदूक को देखा गया तो उसमें रखीं दो सरकारी बंदूक तथा करीब डेढ़ सैकड़ा कारतूस गायब मिले। सरकारी बंदूक व कारतूस और वह भी पुलिस चौकी से चोरी होने का समाचार मिलने पर हड़कंप मच गया। पुलिस अधीक्षक ललित शाक्यवार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राय सिंह नरबरिया सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। उधर कुछ समय बाद रहस्यमय तरीके से चोरी गईं दोनों बंदूकें मिलने की बात अधिकारियों ने कही। हालांकि बंदूकें पुलिस ने मीडिया के सामने नहीं दिखाई। बताया जाता है कि मिरघान चौकी पर वर्तमान में आरक्षक नीरज गुर्जर एवं विक्रम परमार पदस्थ है। बुधवार की रात विक्रम चौकी के पास ही बने सरकारी आवास में सोने चला गया। वहीं नीरज गुर्जर चौकी पर ही रुक गया। उधर इस पूरे मामले में आरक्षक नीरज गुर्जर की भूमिका संदिग्ध मानी जा रही है। हिन्दुस्थान समाचार/शरद




