28/03/2021 प्रताड़ना से तंग होकर युवक ने जहर खाकर की आत्महत्या,ससुर-दामाद सहित तीन पर केस दर्ज राजगढ़,28 मार्च (हि.स.)।नरसिंहगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम कड़ियाचंद्रावत में रहने वाले युवक की जहरीले पदार्थ के सेवन से मौत हो गई,पुलिस ने मामले में मर्ग जांच के आधार पर रविवार को दामाद-ससुर सहित तीन के खिलाफ प्रताड़ना के साथ मारपीट कर आत्महत्या को मजबूर करने का प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार पांच दिन पहले ग्राम कड़ियाचंद्रावत निवासी देवेन्द्रसिंह पुत्र केशरसिंह चंद्रावत और उसी के गांव के जितेन्द्रसिंह पुत्र कमलसिंह चंद्रावत के बीच किसी बात को लेकर मुंहवाद हो गया, जिस पर जितेन्द्र ने उसे जलमंदिर के सामने स्थित मकान में बंदकर मारपीट की और विरोध करने पर चाकू मारकर घायल कर दिया था। मामले में आरोपित के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया था। घटना के दूसरे दिन देवेन्द्रसिंह ने सल्फास खा ली थी, जिसकी भोपाल में उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू की, जिसमें ज्ञात हुआ कि युवक मारपीट व प्रताड़ना से तंग होकर आत्महत्या करने को विवश हुआ। पुलिस ने मामले में जितेन्द्रसिंह पुत्र कमलसिंह चंद्रावत निवासी कड़ियाचंद्रावत, उसके ससुर कालूसिंह खींची और साले जगदीश खींची निवासी पाटड़ी थाना कालीपीठ के खिलाफ धारा 306 के तहत प्रकरण दर्ज किया है, जिसमें मुख्य आरोपित जितेन्द्रसिंह को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। अन्य की तलाश की जा रही है। हिन्दुस्थान समाचार।मनोज पाठक




