राजगढ़,6 जून (हि.स.)। मलावर थाना क्षेत्र के ग्राम पातालपानी में कार्यक्रम में शामिल होने आए 45 वर्षीय व्यक्ति की कुएं में गिरने से मौत हो गई। पुलिस ने रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा और मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार ग्राम नेवली निवासी कैलाश (45) पुत्र रोड़ीलाल मीना की कुएं में गिरने से मौत हो गई। बताया गया है कि नेवली निवासी व्यक्ति ग्राम पातालपानी में किसी कार्यक्रम में शामिल होने गया था और रात में सोने के दौरान लघुशंका के लिए उठा तो समीप स्थित कुएं में जा गिरा, जिससे उसके सिर में गंभीर चोटें लगी और मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कुएं से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। हिन्दुस्थान समाचार। मनोज पाठक




