बागपत, 16 मार्च (हि.स.)। अग्रवाल मंडी टटीरी के एक स्कूल में शिक्षक ने कक्षा छह के छात्र की बेरहमी से पिटाई की है। पीड़ित छात्र के पिता ने मंगलवार को कोतवाली बागपत पर शिकायत कर शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। बागपत जनपद के सूरजपुर महनवा गांव निवासी राजबीर पुत्र सूरजमल ने बागपत कोतवाली में तहरीर देते हुए बताया कि उसका बेटा अनुज कुमार पैरामाउंट पब्लिक स्कूल अग्रवाल मंडी टटीरी में कक्षा छह में पढ़ता हैं। आरोप है कि मंगलवार को छात्र स्कूल से घर आया तो वह ठीक प्रकार से चल नहीं पा रहा था। शिक्षक ने उसकी डंडे से जमकर पिटाई की। पीड़ित का आरोप है कि इस संबंध में स्कूल में संपर्क किया तो उन्होंने कहा कि यहां तो ऐसे ही चलेगा। पीड़ित ने इंस्पेक्टर से बेटे का मेडिकल कराकर शिक्षक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानून कार्रवाई करने की मांग की। कोवताल बागपत का कहना है कि आरोपित शिक्षक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। हिन्दुस्थान समाचार/सचिन




