हरिद्वार, 05 जून (हि.स.)। लक्सर के मुंडाखेड़ा कलां गांव में 80 वर्षीय महिला की मौत से सनसनी फैल गई। मामले की सूचना लक्सर कोतवाली पुलिस को दी गई। भारी पुलिस बल के साथ पुलिस क्षेत्राधिकारी मौके पर पहुंचे। महिला के परिजनों बताया कि आज सुबह जब वो काफी देर तक नहीं उठीं तो आवाज दी गई। आवाज लगाने पर भी वह नहीं बोली तो मकान की छत से होकर अंदर गए। अंदर वह मृत अवस्था में पड़ी मिलीं। उनकी आंख में चोट लगी थी, जिससे खून बह रहा था। मुंह में कपड़ा ठूंसा गया था। इससे साफ होता है कि महिला की हत्या की गई है। पुलिस क्षेत्राधिकारी विवेक कुमार ने बताया कि महिला की मौत का मामला संदेहास्पद है। मामले की छानबीन की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कहा जा सकेगा की महिला की मौत कैसे हुई। फिलहाल शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। हिन्दुस्थान समाचार/रजनीकांत




