छपरा, 08 मार्च (हि.स.)। जिले के जलालपुर थाना क्षेत्र के मंगोलापुर मठिया गांव के समीप पोकलेन के एक चालक की मौत अज्ञात अनियंत्रित ट्रक की चपेट में आने से कोपा -जलालपुर पथ पर सोमवार को हो गयी। मृतक वैशाली जिले के राजापाकर थाना क्षेत्र के अधवारा गांव निवासी दुखन राय के 25 वर्षीय पुत्र पंचम राय बताया गया है । घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया तथा घटना की सूचना परिजनों को दे दी गई है। बताया जाता है कि पंचम राय मंगोलापूर मठिया गांव के पास पोकलेन से मिट्टी खनन का कार्य कर रहा था। इस दौरान वह पोकलेन से उतर कर किसी काम से सड़क पर जा रहा था, तभी अज्ञात अनियंत्रित ट्रक ने उसे कुचल डाला, जिससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। घटना सोमवार को दिन के करीब 3:00 बजे की है। इस घटना के बाद से मिट्टी का खनन का कार्य बाधित हो गया है। पुलिस ने बताया कि अज्ञात ट्रक के धक्के से पोकलेन चालक की मौत हुई है। स्थानीय ग्रामीणों के द्वारा घटना की सूचना दी गई। ट्रक की पहचान नहीं हो सका है। इसकी जांच की जा रही है। हिन्दुस्थान समाचार / गुड्डू




