मोदी सरकार ने 29 जातियों को आरक्षण नहीं दिया : राजभर बलरामपुर, 14 मार्च (हि.स.)। ऑल इंडिया मजलिस‑ए‑इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने उप्र में ‘लव जिदाह’ के खिलाफ लागू कानून व अन्य मुद्दों पर केन्द्र और उप्र सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि संविधान बचाने के लिए हमें जान की कुर्बानी देनी पड़े तब भी हम पीछे नहीं हटेंगे। मजहब के नाम पर कानून नहीं बन सकता। भागीदारी संयुक्त मोर्चा की ओर से रविवार को उतरौला में बरगदही चौराहे पर आयोजित जनसभा में ओवैसी ने कहा कि एआईएमआईएम ने एनआरसी का विरोध पूरे देश में किया और मैंने संसद में इस कानून की प्रति फाड़कर विरोध दर्ज कराया था। उन्होंने पेट्रोल डीजल व रसोई गैस की बढ़ती कीमतों का जिक्र करते हुए कहा कि मंहगाई से आम जनता परेशान हैं। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि मैंने 29 जातियों को आरक्षण देने का मामला उठाया था लेकिन मोदी सरकार ने उन्हें आरक्षण नहीं दिया। जनसभा में कोविड प्रोटोकॉल की जमकर धज्ज्यिां उड़ाई गईं। पदाधिकारी, कार्यकर्ता न ही जनसभा में जुटे लोग मास्क में दिखे। यहां तक कि जनसभा में पहुंचे मुख्य अतिथि असदुद्दीन ओवैसी व पूर्व मंत्री ओमप्रकाश राजभर भी मंच पर भीड़ के दौरान बिना मास्क के दिखे। जबकि बीते दिनों से कोरोना के केस लगातार बढ़ रहे हैं। जिसको लेकर प्रदेश सरकार व स्वास्थ्य विभाग ने विशेष सतर्कता बरतने का भी निर्देश जारी किया है। उपजिलाधिकारी ने बताया कि मामले की जांच की जाएगी। हिन्दुस्थान समाचार/प्रभाकर/दीपक




