जोधपुर, 22 मार्च (हि.स.)। शहर के निकटवर्ती बोरानाडा स्थित प्रीति पुलिया के पास में एक निर्माणाधीन फैक्ट्री है। इस फैक्ट्री के लिए एक ट्यूबवैल खुदाई का कार्य चल रहा है। सोमवार की सुबह खुदाई से निकला पानी काफी जमा होने से कीचड़ बन गया। खुले तार से कीचड़ में करंट फैल गया और उसकी चपेट में आने से एक श्रमिक की दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस ने घटना को लेकर मर्ग दर्ज किया और कार्रवाई के उपरांत शव परिजन को सौंप दिया है। मृतक एक ठेकेदार के लिए कार्य करता था। बोरानाडा थानाधिकारी किशनलाल विश्रोई ने बताया कि बालेसर के बस्तवा स्थित सुंडों का बास निवासी 42 साल का डूंगरसिंह पुत्र स्वरूप सिंह राजपूत यहां जोधपुर में एक ठेेकेदार के पास में मजदूरी करता था। वह बोरानाडा में एक निर्माणाधीन फैक्ट्री के लिए ट्यूब वैल पर कार्य कर रहा था। यहां पर ट्यूबवैल खुदाई के समय फेले पानी में कीचड़ बन गया था। तब संभवत: वहां पर बिजली के तार खुले होने से डूंगर सिंह करंट की चपेट में आ गया और उसकी मौत हो गई। हालांकि उसे अस्पताल ले जाया गया। जहां पर डॉक्टर ने उसे मृत बता दिया। थानाधिकारी ने बताया कि मृतक का पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजन को सौंप दिया गया है। उसके भाई देवीसिंह की तरफ से मर्ग की रिपोर्ट दी गई है। अग्रिम अनुसंधान किया जा रहा है। हिन्दुस्थान समाचार/सतीश/संदीप




