झांसी, 03 अप्रैल (हि.स.)। नवाबाद थानान्तर्गत करगुंआजी क्षेत्र में शनिवार को एक खाली प्लॉट से कपड़े में लिपटी एक बच्ची की लाश मिली है। घटना से इलाके में सनसनी मच गई। आशंका जतायी जा रही है कि दुष्कर्म के बाद बच्ची की हत्या कर लाश फेंककर आरोपी फरार हो गया। बच्ची के पिता ने बताया कि उनकी आठ साल की बेटी रोज की तरह आज सुबह साढ़े छह बजे दूध लेने गयी थी, लेकिन काफी देर तक घर नहीं लौटी तो खोजबीन की गयी। इस दौरान प्रवीण जैन के खाली प्लॉट में चादर में कुछ लिपटा पड़ा दिखायी दिया। चादर से बच्ची की फ्रॉक निकलती देख परिजनों में हडकंप मच गया और पुलिस को घटना की जानकारी दी गयी। पुलिस अधीक्षक शहर (एसपी सिटी) विवेक त्रिपाठी ने बताया कि करगुंआ क्षेत्र निवासी अवतार वंशकार की आठ साल की बच्ची सुबह दूध लेने गयी थी काफी देर तक घर न लौटने पर परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की। पुलिस को भी इसकी सूचना दी गयी। बच्ची का शव प्रवीण जैन नामक एक व्यक्ति के घर के बगल में एक प्लॉट से बरामद किया गया। बच्ची के पिता ने संदीप जैन नाम के एक व्यक्ति पर बच्ची की हत्या करने का शक जताया है और उसके खिलाफ नामजद तहरीर भी दी है। संदीप, प्रवीण जैन के मकान में केयरटेकर के रूप में रहता था और उसी मकान के पास वाले प्लॉट से बच्ची का शव बरामद किया गया है। संदीप मौके से फरार है ऐसे में वह शक के दायरे में है। बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है रिपोर्ट आने के बाद ही यह साफ हो पायेगा कि कहीं उसके साथ कोई दुराचार तो नहीं हुआ था। आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जायेगी। हिन्दुस्थान समाचार/महेश




