नई दिल्ली, 6 फरवरी (आईएएनएस)। पूर्वी दिल्ली के कड़कड़डूमा कोर्ट में एक अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश के कमरे में आग लग गई। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। जानकारी के अनुसार आग अपर सत्र न्यायाधीश मंजूषा बधवा के कोर्ट रूम नंबर 52 में और पांच मंजिला इमारत की दूसरी मंजिल पर बने गलियारे में लगी। इस संबंध में दमकल विभाग को तड़के करीब साढ़े तीन बजे सूचना मिली। दमकल के एक अधिकारी ने कहा कि शुरूआत में दमकल की छह गाड़ियां मौके पर भेजी गईं, लेकिन बाद में छह और गाड़ियों को भीषण आग पर काबू पाने के लिए भेजा गया। सुबह 4.20 बजे तक आग पर काबू पा लिया गया और किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। बाहरी दिल्ली के बवाना इलाके में दूसरी घटना में आठ दुकानों में आग लग गई। दमकल विभाग को तड़के करीब 3.15 बजे घटना की सूचना मिली। दमकल की छह गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। सुबह 4.10 बजे आग पर काबू पा लिया गया। इस घटना में भी कोई हताहत नहीं हुआ। –आईएएनएस एमएसबी




