राजगढ़, 28 जून (हि.स.)। जिले के खिलचीपुर थाना क्षेत्र में मंडी रोड़ स्थित ई-बाइक शोरुम में बीती रात आग लग गई, जिससे शोरुम में रखी बाइकें और आटो पार्ट्स का सामान जलकर खाक हो गया। आगजनी में 15 लाख से अधिक का नुकसान होना बताया गया है। समय पर दमकल नहीं पहुंचने पर निजी टेंकरों की मदद से आग पर काबू किया गया। पुलिस ने सोमवार को मौका-मुआयना कर मामले में जांच शुरु की। जानकारी के अनुसार रविवार देर रात मंडी रोड़ स्थित ई-बाइक शोरुम में अज्ञात कारणों के चलते आग लग गई। आग की लपटे देख आसपास रहने वाले लोगों ने पुलिस और फायरब्रिगेड को सूचना दी, लेकिन दमकल वाहन समय पर नहीं पहुंचे, जिससे आग ने भयावह रुप धारण कर लिया। निजी टेंकरों की मदद से आग पर काबू किया गया, जब तक शोरुम में रखी बाइकें और आटो पार्ट्स का सामान जल गया। आग से 15 लाख से अधिक का नुकसान होना बताया गया है। पुलिस ने मामले में आगजनी का केस दर्ज कर जांच शुरु की। हिन्दुस्थान समाचार/मनोज पाठक




