सहरसा,26 जून (हि.स.)। बरियाही गांव में फौजी के साथ मारपीट की घटना को ले पूर्व सैनिक संघ ने शनिवार को एसडीपीओ संतोष कुमार को ज्ञापन देकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। सैनिक संघ के लिए कोषाध्यक्ष प्रवीण कुमार झा ने बताया कि एक तरफ सैनिक देश की सीमा की रखवाली में संलग्न है जो देश के लिए अपने प्राणों की आहुति देने से भी नहीं हिचकते है ।वहीं दूसरी ओर अपने गांव अपने घर में ही असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। संघ ने पुलिस पदाधिकारी को दिये ज्ञापन में कहा कि गांव के दबंग थाना पुलिस की मिलीभगत से इस तरह के कु-कृत्य कर रहे हैं।फौजी की मां सुमा देवी ने लिखित आवेदन में कहा कि मेरे पति वीरेन्द्र यादव की 31 मई को इन्ही दबंगो ने मारपीट कर जख्मी कर दिया था।जिनका इलाज के दौरान एक जून को मौत हो गई है।अपने पिता के निधन पर फौजी शंकर कुमार उनके श्राद्धकर्म में भाग लेने आये थे।श्राद्ध कर्म के बाद गांव के ही सुरेन्द्र यादव,रामप्रवेश यादव,चंदन यादव ने पुनः फौजी को मारपीट कर जख्मी कर दिया। जिसका इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। फौजी ने बताया कि वे लोग अब भी मुझे जान से मारने की धमकी दे रहे हैं।पूर्व सैनिक संघ ने इस मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।मौके पर संरक्षक मेजर अमित प्रयदर्शी, अध्यक्ष पंकज कुमार झा, राजेन्द्र यादव, राजेंद्र प्रसाद, गगन कुमार, डी कुमार ,जिला सुपौल अध्यक्ष गोपाल मिश्र सहित अन्य मौजूद थे। हिन्दुस्थान समाचार/अजय




