देवरिया, 29 जून (हि.स.)। समाजवादी पार्टी उम्मीदवार जिला पंचायत अध्यक्ष के नामाकंन के दौरान कलेक्ट्रेट में विवाद करने वाले एक सपा कार्यकर्ता को कोतवाली पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने मंगलवार को उसके खिलाफ एनएसए के तहत कार्रवाई की है। समाजवादी पार्टी की तरफ से जिला पंचायत अध्यक्ष पद के उम्मीदवार शैलजा यादव अपने समर्थकोंं के साथ शनिवार को पर्चा दाखिल करने कलेक्ट्रेट पहुंची थी। जहां पुलिस और सपा कार्यकर्ताओं के साथ विवाद हो गया। सदर कोतवाल राजू सिंह की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने सपा जिलाध्यक्ष डॉ.दिलीप यादव, पूर्व विधायक गजाला लारी, पीडी तिवारी, रमाशंकर यादव, अभिजीत यादव समेत 155 अज्ञात के विरुद्ध गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। मौके से पुलिस ने बनकटा निवासी अभिजीत यादव को गिरफ्तार कर लिया। रविवार को आरोपित के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद जेल भेज दिया गया था। वहीं, आरोपित के खिलाफ पुलिस ने एनएसए की कार्रवाई के जिलाधिकारी को पत्राचार किया। जिलाधिकारी ने मंगलवार को एनएसएस के तहत कार्यवाही की संस्तुति कर दी। इसके बाद पुलिस ने अभिजीत यादव पर एनएसए की कार्रवाई की है। हिन्दुस्थान समाचार/ज्योति/दीपक




