नई दिल्ली, 06 अप्रैल (हि.स.)। दक्षिण दिल्ली के हौज खास इलाके में मास्क न लगाने पर चालान काटने को लेकर सिविल डिफेंस कर्मियों व राहगीरों के बीच झगड़ा हो गया। पहले सिविल डिफेंस कर्मियों ने कार सवार को बेल्ट से पीट दिया। इसके बाद राहगीर भड़क गए। उन्होंने सिविल डिफेंस कर्मियों (डीसीडी) पर हमला कर दिया। बवाल में तीन डीसीडी कर्मी जख्मी हो गए। वहीं कार सवार भी बुरी तरह जख्मी हो गया। पुलिस ने छानबीन के बाद दोनों ही ओर से क्रॉस एफआईआर दर्ज की है। डीसीडी कर्मियों की ओर से सरकारी काम में बाधा, ड्यूटी के दौरान हमला, मारपीट, गैर इरादतन हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया। वहीं कार सवार की शिकायत पर गैर इरादतन हत्या, छेड़छाड़, बदसलूकी करने समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है। हौजखास थाना पुलिस मामला दर्ज कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से जांच कर रही है। दक्षिण जिला पुलिस उपायुक्त अतुल कुमार ठाकुर ने बताया कि हौज खास थाना क्षेत्र में आईआईटी की लाल बत्ती के पास सिविल डिफेंस के वालंटियर मास्क न पहनने वालों की जांच कर चालान कर रहे थे। इस बीच रेड लाइड पर बत्ती हरी थी। अचानक एक सिविल डिफेंस वालंटियर एक कार के आगे कूदकर उसे रुकवाने लगा। दरअसल कार चालक ने मास्क नहीं लगाया हुआ था। चालक ने हरी बत्ती पर जैसे ही ब्रेक मारे तो पीछे आ रही एक अन्य कार ने आगे वाली कार को टक्कर मार दी। आगे वाले कार चालक गितेश डागर ने डीसीडी वालंटियर से ऐतराज जताया। दोनों के बीच बहस हो गई। वारदात के समय गितेश की चाची और एक बच्ची भी कार में सवार थे। आरोप है कि कहासुनी के दौरान कई डीसीडी वालंटियर वहां पहुंच गई। इन लोगों ने बेल्ट निकालकर गितेश पर हमला कर दिया। चाची ने उसे बचाने का प्रयास किया तो आरोपियों ने उनके साथ छेड़छाड़ बदसलूकी की। इधर भीड़ को जब पता चला कि डीसीडी वालंटियर बदसलूकी कर रहे हैं तो लोगों ने इकट्ठा होकर उनकी पिटाई करना शुरू कर दिया। हमले में तीन डीसीडी वालंटियर जख्मी हुए, जबकि गितेश को भी चोट लगी। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस सभी को अस्पताल ले गई। बाद में देर शाम दोनों ओर से शिकायत लेकर मामला दर्ज कर लिया गया। हमले में दो डीसीडी वालंटियर के सिर भी फूट गए हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से मामले की जांच कर रही है। हिन्दुस्थान समाचार/अश्वनी




