नई दिल्ली, 25 जून (हि.स.)। बाहरी उत्तरी जिले के शाहबाद डेरी इलाके में बीती रात उस समय दहशत का माहौल बन गया, जब एक युवक को फोन कर ठिकाने पर बुलाकर आधा दर्जन से ज्यादा युवकों ने चाकुओं से गोदकर निर्मम हत्या कर दी। युवक को तब तक चाकुओं से गोदा, जब तक वह मर नही गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर आरोपितों की तलाश कर रही है। पुलिस ने मृतक युवक का भी फोन कब्जे में लिया है। जिसकी लास्ट कॉल खंगालकर आरोपितों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। बताया जाता है कि आरोपितों में से कुछ युवक के ही दोस्त थे। पुलिस ने वारदात के आसपास लगे कुछ सीसीटीवी कमरों की फुटेज को भी कब्जे में लिया है। जानकारी के अनुसार, मृतक युवक की पहचान प्रिंस के रूप में हुई है। वह जैन कॉलोनी शाहबाद डेरी इलाके में परिवार के साथ रहता था। वह परिवार का इकलौता था और घर के नीचे ही आटा चक्की की दुकान पर अपने पिता की सहायता करता था। बीती रात पुलिस को जैन कॉलोनी में युवक को चाकू मारकर हत्या करने की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची। एक मंदिर के पास युवक खून से लथपथ हालात में मृत हालात में पड़ा हुआ था। उसकी गर्दन,छाती आदि पर दो दर्जन से ज्यादा चाकू के निशान थे। शव को अस्पताल भेज गया। परिवार वालों ने बताया कि प्रिंस रात को अपने के लिये डेरी से दूध लेने गया था। जब वह वापिस घर की तरफ आ रहा था। तभी उसके दोस्त का फोन आया। जिसने ठिकाने पर बुलाया। जब वह मंदिर के पास पहुंचा। उसे आरोपितों ने घेर लिया। बहसबाजी के बीच एक आरोपित ने सड़क पर पड़ी एक ईंट उठाकर सर के पीछे मारी। उसके चिल्लाने की आवाज सुनकर मंदिर से एक पुजारी आया। वह कुछ कह पता। आरोपितों ने उसे चाकू मारने की धमकी दी। वह डर के कारण अंदर चला गया। जिसके बाद आरोपितों ने उसको एक के बाद एक दो दर्जन से ज्यादा चाकू मारे। पुलिस को शुरुआती जांच में पता चला है कि कुछ दिन पहले प्रिंस की किसी बात को लेकर अपने जानकार युवकों से कहासूनी हो गई थी। परिजनों का आरोप है कि पास में ही रहने वाले कुछ लड़कों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर हत्या की इस वारदात को अंजाम दिया है। मृतक के पिता की माने तो युवकों ने चाकूओं से करीब 30-35 बार वार किया है। हिन्दुस्थान समाचार/अश्वनी




