भिण्ड, 28 मार्च (हि.स.)। जिले के बरासों थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सिमार में बीती रात एक महिला ने पूरे परिवार को भोजन में जहरीला पदार्थ मिलाकर खिला दिया और अपने छह माह के बेटे को लेकर प्रेमी के साथ भाग गई। पड़ोसियों ने परिवार के नौ लोगों को बेहोशी की हालत में मेहगांव अस्पताल भिजवाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद सभी को ग्वालियर रेफर किया गया। महिला के पति की बयान के आधार पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर मामले को जांच में लिया है। ग्राम सिमार निवासी 30 वर्षीय जावेद खान ने पुलिस को दिये बयान में बताया कि शनिवार रात परिवार के सभी लोगों ने भोजन किया। उसकी पत्नी रेशमा ने ही सब्जी और दाल बनाई थी। भोजन करने के कुछ घंटे बाद ही उसके पिता मुंशी खान, मां मेहमूदन, भाई जय उद्दीन, भाई इलियास, रेशमा का किशोरवय बेटा कामिल और बेटी आफरीन, बहन गुड्डी, भानजी निशा और खुद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। पड़ोस में रहने वाले लोगों को मदद के लिए बुलाया और उन्होंने सभी को अस्पताल पहुंचाया। जावेद ने पुलिस के बताया कि उसकी पत्नी रेशमा अपने साथ छह माह के बेटे जीशान को लेकर अपने प्रेमी चांदबाबू पुत्र रहीम खान निवासी अहरोली जिला पोरसा के संग चली गई है। चांदबाबू उनका रिश्तेदार है और उसका घर में आना-जाना था। पुलिस के अनुसार, अस्पताल में इलाज से पांच लोगों को आराम मिल गया है। मां मेहमूदन बेगम, पिता मुंशी खान और बेटी आफरीन व बेटे कामिल के स्वास्थ्य में सुधार नहीं है। बरासो थाना प्रभारी सुरजीत तोमर ने बताया कि रविवार को जहरीला पदार्थ खिलाने वाले मामले की सूचना मिली और पुलिस ने महिला के पति के बयान के आधार पर प्रकरण दर्ज कर लिया है। सभी लोगों के अभी बयान नहीं हो पाए हैं। ग्वालियर में अस्पताल में भर्ती लोगों से बात करने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश




