नई दिल्ली, 24 अप्रैल (हि.स.)। पूर्वी दिल्ली के न्यू अशोक नगर इलाके में करीब एक साल पहले हुई मामूली बहस का बदला लेने के लिए एक युवक ने 11वीं कक्षा के छात्र पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। छात्र की गर्दन, सिर और कंधे पर कई जगह गहरे जख्म हो गए। गंभीर हालत में पीड़ित सक्षम चौहान (18) को नजदीकी लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर आरोपी भूपेंद्र उर्फ योगेंद्र को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है। पुलिस के मुताबिक सक्षम परिवार के साथ न्यू अशोक नगर इलाके में रहता है। वह पास के सरकारी स्कूल में 11वीं कक्षा का छात्र है। पिछले कुछ दिनों से सक्षम के माता-पिता बिहार स्थित अपने गांव गए हुए हैं। गत बृहस्पतिवार देर रात को वह घर के पास स्कूटर पर बैठा हुआ था। इस दौरान आरोपी भूपेंद्र वहां आया। उसने सक्षम से कहा कि तेरे माता-पिता नहीं है आज तेरा काम तमाम कर देता है। यह कहकर आरोपी सर्जिकल ब्लैड से सक्षम पर हमला कर दिया। सक्षम चिल्लाता हुआ इधर-उधर भागा। आरोपी पकड़े जाने के डर से फरार हो गया। कुछ देर बाद सक्षम की बुआ का लड़का वहां पहुंचा और खून से लथपथ अपने भाई को अस्पताल ले गया। बाद में पुलिस ने सक्षम का बयान लेकर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर आरोपी को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस उससे पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है। हिन्दुस्थान समाचार/अश्वनी




