भीलवाड़ा, 20 अप्रैल (हि.स.)। जिले के आसींद थाना पुलिस ने मंगलवार को संदिग्ध वाहनों की जांच के दौरान एक ट्रक को पकड़ा है जिसमें करीब 30 लाख रुपए कीमत का विमल गुटखा पाया गया है। ट्रक चालक द्वारा इस संबंध में कोई संतोषजनक उत्तर नहीं दिया गया है। ई वे बिल में दर्ज ट्रक नंबर व मौके पर पकड़े ट्रक नंबर में भी अंतर होने से यह मामला टेक्स चोरी का भी हो सकता है। आसींद पुलिस ने ट्रक को जब्त कर भीलवाड़ा जिला मुख्यालय पर सेल टेक्स व रसद विभाग के अधिकारियों को सूचित किया है, अब उनके आने के बाद ही मामला पटापेक्ष हो सकेगा। ट्रक में 120 कर्टन गुटखा के है। थाना प्रभारी सीआई महेंद्र सिंह शेखावत ने बताया कि आज कस्बे में कोविड गाइडलाइन की पालना के दौरान क्रय विक्रय सहकारी समिति के पास वो मय जाब्ते के गश्त कर रहे थे। इसी दौरान क्रय विक्रय के सामने एक गोदाम के सामने एक ट्रक खड़ा हुआ दिखाई दिया। चालक से पूछताछ की तो चालक पुलिस को सही जवाब नहीं दे पाया और बताया कि इसमें विमल गुटखा है। जिसके चलते हैं उसके ट्रक के कागजात की तलाशी ली और पाया कि ई वे बिल में रजिस्ट्रेशन संख्या अलग है तथा मौजूदा ट्रक की रजिस्ट्रेशन संख्या अलग है। इस पर ट्रक को संदिग्ध मानकर ट्रक को आसींद थाना में लेकर आए। सीआई महेंद्र सिंह शेखावत मैं इसकी जानकारी जिला मुख्यालय पर रसद विभाग एवं वाणिज्य कर विभाग के आला अधिकारियों को सूचित किया है। ट्रक के पीछे डाक पार्सल लिखा हुआ है तथा ट्रक नागालैंड पासिंग है। बिल में ट्रक के रजिस्ट्रेशन संख्या अलग है। लॉक डाउन में भी अभी से गुटखा विमल, मिराज, बीड़ी की काला बाजारी शुरू हो गई है। फिलहाल इस कार्रवाई को लेकर कस्बे में काला बाजारी करने वाले व्यापारियों में हड़कंप मच गया है। हिन्दुस्थान समाचार/मूलचन्द पेसवानी/ ईश्वर




