नई दिल्ली, 4 अप्रैल (हि.स.)। रोहिणी जिले के विजय विहार इलाके में असमाजिक तत्वों को एक महिला ने पत्थर फैंकने से मना किया तो आरोपितों में से एक ने महिला की तरफ पत्थर फैंककर मारा। पत्थर महिला की बेटी को लगा। जिसको अस्पताल में बीस टांके लगे हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित की पहचान परवेज उर्फ लेफटी के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक शिकायतकर्ता महिला ज्योति लंबा परिवार के साथ विजय विहार फेज-2 इलाके में रहती है। बीती रात करीब नौ बजे वह अपनी बेटी रहनी लम्बा के साथ स्कूटी से सामान खरीदने मार्किट गई थी। इलाके में स्थित एक पब्लिक स्कूल के पास पकड़ा गया आरोपी अपने कुछ साथियों के साथ एक दूसरे पर पत्थर फैंक रहे थे। उस वक्त वह सामान खरीद रही थी। जबकि बेटी स्कूटी पर बैठी थी। आरोपी और उसके साथियों को पत्थर फैंकने के लिए मना किया था,जिससे किसी को लग नहीं जाए। लेकिन आरोपी नहीं माना। अचानक आरोपी ने गुस्से में आकर उसकी तरफ पत्थर फैंका। पत्थर उसकी बेटी के सिर पर लग। वह स्कूटी से नीचे गिर गई। उसके काफी ज्यादा खून निकलने लगा। वारदात की जानकारी उसने अपनी पति को दी। जिन्होंने मौके पर पहुंचकर आरोपी को दबोच लिया। जबकि उसके अन्य साथी मौके पर से फरार होने में कामयाब हो गए। पुलिस को वारदात की जानकारी दी। पुलिस मौके पर पहुंची। आरोपी को गिरफ्तार कर बेटी को अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने उसके बीस टांके लगाकर छुट्टी दे दी। हिन्दुस्थान समाचार/अश्वनी




