राजगढ़,29 जून (हि.स.)। सारंगपुर थाना क्षेत्र के ग्राम नैनवाड़ा में प्रेमविवाह करने की बात पर लड़की के परिजनों ने युवक के परिवार के साथ मारपीट की साथ ही लड़के के बड़े भाई को अगवा कर ले गए। पुलिस ने फरियादिया की शिकायत पर मंगलवार को चार लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार ग्राम नैनवाड़ा निवासी 30 वर्षीय रीनाबाई अहिरवार ने बताया कि उसके देवर राहुल ने ताराचंद अहिरवार निवासी कालापीपल की बेटी से प्रेमविवाह किया। इसी बात से नाराज ताराचंद बीते रोज साथियों को लेकर घर आया और परिवार के साथ गालियां देते हुए मारपीट करने लगा। विरोध करने पर उसके पति मुकेश अहिरवार को जबरन अगवा कर ले गए। पुलिस ने फरियादिया की शिकायत पर ताराचंद पुत्र नन्नूलाल अहिरवार निवासी कमालपुर थाना कालापीपल, पर्वतसिंह निवासी लखेसरा, ललित और उसके पिता भैरुलाल अहिरवार निवासी डोबड़ा जोगी थाना छापीहेड़ा के खिलाफ धारा 294, 323, 506, 452, 365 के तहत प्रकरण दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। हिन्दुस्थान समाचार। मनोज पाठक




