आगरा, 16 अप्रैल (हि.स.)। एत्माद्दौला थाना क्षेत्र के बजरंग नगर में शुक्रवार सुबह सेवानिवृत्त दरोगा की सिर कूचकर हत्या कर दी गई। सूचना पर फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे एसपी सिटी ने घटनास्थल की जांच की। बजरंग नगर एत्माद्दौला निवासी 65 वर्षीय चोखे लाल पांच साल पहले पुलिस विभाग में दरोगा पद से सेवानिवृत्त थे। परिजनों ने पुलिस को बताया कि वह रोजाना की तरह घर में सोये हुए थे। सुबह जब उन लोगों की नींद खुली तो देखा कि चोखे लाल का शव लहूलुहान हालत में पड़ा हुआ और सिर पर चोट के गहरे निशान थे। उन पर सोते समय सिर पर भारी चीज से वारकर हत्या की गई है। घटना को लेकर एसपी सिटी रोहन प्रमोद बोत्रे ने बताया कि सेवानिवृत्त दरोगा चोखे लाल की हत्या हुई है। सिर पर चोट के गहरे निशान है। ये भी जानकारी मिली है कि दरोगा का छोटा बेटा अक्सर पैसे को लेकर विवाद करता था। इसको लेकर कई बार पिता-पुत्र में विवाद हो चुका है। शक है कि उसी ने पिता की हत्या की होगी। फिलहाल इस संबंध में दरोगा के परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच की जा रही है। हिन्दुस्थान समाचार/श्रीकान्त/दीपक




