नई दिल्ली, 03 मई (हि.स.)। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के दयालपुर इलाके में रविवार देर रात मामूली कहासुनी के बाद एक युवक ने अपने जानकार दूसरे युवक पर चाकू से हमला कर दिया। आरोपित ने पीड़ित के पेट, सीने और शरीर के बाकी हिस्सों पर करीब आधा दर्जन से अधिक चाकू के वार किए। हमले में युवक बुरी तरह जख्मी हो गया। गंभीर हालत में पीड़ित मोहम्मद शाहरुख खान (23) को पहले जग प्रवेश चंद अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे आरएमएल अस्पताल रेफर कर दिया गया। देर रात को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपित मोहम्म्द आमिर (22) को गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि आमिर ने शाहरुख की गर्लफ्रेंड के बारे में कुछ अपशब्द कह दिए थे। इसके बाद दोनों के बीच झगड़ा हुआ और आमिर ने उसकी हत्या कर दी। दयालपुर थाना पुलिस आरोपित से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है। पुलिस के अनुसार, शाहरुख अपने परिवार के साथ गली नंबर-3, दयालपुर में रहता था। इसके परिवार में पिता अब्दुल गफ्फार, मां और परिवार के अन्य सदस्य हैं। शाहरुख घर के पास ही एक सिलाई की फैक्टरी में काम करता था। न्यू मस्तफाबाद का रहने वाला आमिर भी शाहरुख के साथ ही काम करता था। रविवार देर रात करीब 10.45 बजे शाहरुख घर से गुटका खरीदने के लिए बाहर निकला। इस बीच दुकान के पास उसे आमिर मिल गया। आरोप है कि आमिर ने उसकी गर्लफ्रेंड के बारे में कुछ बोल दिया। इसके बाद दोनों के बीच झगड़ा हुआ। कहासुनी के दौरान आरोपित आमिर ने चाकू निकालकर शाहरुख पर हमला कर दिया। हमले में घायल शाहरुख को अस्पताल ले जाया गया, जहां कुछ ही घंटों बाद उसकी मौत हो गई। पुलिस ने देर रात को ही मामला दर्ज कर आरोपित आमिर को गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस आरोपित से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है। हिन्दुस्थान समाचार/अश्वनी




