रुद्रप्रयाग, 07 मई (हि.स.)। कोरोना वायरस संक्रमण की दूसरी लहर की रोकथाम को लेकर जिला प्रशासन द्वारा जनपद में वर्तमान समय में कोविड कर्फ्यू लगाया गया है, मगर कुछ लोग इसका अनुपालन नहीं कर रहे हैं। ऐसे समय में लोग अपने कपड़ों की दुकान को भी खोल रहे हैं, जबकि कपड़े की दुकान किसी भी दशा में आवश्यक वस्तुओं की सेवा में नहीं आती है और वो भी तब जब आवश्यक वस्तुओं की दुकानें भी बंद है। शाम पांच बजे बाद कपड़ों की दुकान को खोला गया। कस्बा तिलवाड़ा में शाम के समय पांच बजे के बाद कपड़े की दुकान खोलने वाले एक दुकानदार के विरुद्ध थाना अगस्त्यमुनि में भारतीय दंड संहिता, आपदा प्रबंधन अधिनियम एवं महामारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया है। इसी प्रकार से कोतवाली रुद्रप्रयाग में भी आठ दुकान संचालक जिनके द्वारा कर्फ्यू नियमों का पालन नहीं किया गया है, उनका चालान किया गया है। जनपद पुलिस की बार-बार अपीलों का भी कुछ लोगों पर कोई प्रभाव नहीं पड़ रहा है। एसपी आयुष अग्रवाल ने कहा कि कुछ लोग ’आ बैल मुझे मार’ वाली हरकतें कर रहे हैं। ऐसे में इन लोगों के विरुद्ध कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। हिन्दुस्थान समाचार/रोहित




