जोधपुर, 20 मई (हि.स.)। ऑपरेशन गोल्ड के तहत जोधपुर पुलिस की स्पेशल टीम व शास्त्रीनगर थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मुखबिर की सूचना पर मिल्कमैन कॉलोनी के पास एक रहवासी मकान में दबिश देकर वहां से भारी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ सहित लाखों रूपए की नकदी बरामद की है। पुलिस आयुक्त पश्चिम आलोक श्रीवास्तव ने बताया कि कतिश्ररेअ पुलिस की स्पेशल टीम के निरीक्षक अनिल यादव को मुखबिर से सूचना मिली कि मिल्कमैन कॉलोनी के पास एक रहवासी मकान में भारी मात्रा में मादक पदार्थ मिल सकता है। इस पर स्पेशल टीम ने एसीपी पश्चिम नूर मोहम्मद व शास्त्रीनगर थानाप्रभारी पंकजराज माथुर सहित अन्य पुलिस जाब्ता के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए सोनाराम के मकान में दबिश दी। यहां पर तलाशी लेने पर पुलिस को छुपाकर रखा हुआ करीब 2 किलो अफीम, विभिन्न कट्टों में भरा हुआ करीब 144 किलो अवैध डोडा-पोस्त और करीब 15 लाख 50 हजार की नकदी मिली है। पुलिस ने मकान में मौजूद एक महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। आसपास के क्षेत्रों में होती थी मादक पदार्थ की सप्लाई: पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि उक्त बरामद मादक पदार्थ की आसपास के क्षेत्रों में सप्लाय की जाने वाली थी। फिलहाल पुलिस हिरासत में ली गई महिला से पूछताछ कर रही है। साथ ही इस बात की भी तस्दीक की जा रही है कि अवैध मादक पदार्थ के इस कारोबार में किसकी क्या भूमिका है और ये मादक पदार्थ कहां से और किससे लाया गया है। हिन्दुस्थान समाचार/सतीश / ईश्वर




