नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। ऑनलाइन फूड आर्डर होने के बाद उसके आर्डर को कैंसल कर देने से खाने की बड़ी बर्बादी होती है। अब ऑनलाइन फूड डिलिवरी कंपनी जोमैटो (Zomato) ने इसको लेकर बड़ा काम किया है। जोमैटो ने खाने की बर्बादी को रोकने के लिए फूड रेस्क्यू (Food Rescue) नाम से एक नए मिशन की पहल की है। अब Zomato के नजदीकी ग्राहक कैंसल किए गए आर्डरों को बहुत ही आकर्षक कीमत पर आर्डर कर पाएंगे। Zomato पैकेजिंग में बिना किसी छेड़छाड़ किए कुछ ही मिनटों में उन्हें फूड डिलिवर कर देगा।
Zomato CEO ने एक्स पर फूड रेस्क्यू की जानकारी देते हुए लिखा
जोमाटो के CEO दीपिंदर गोयल ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर फूड रेस्क्यू की जानकारी देते हुए लिखा “हम ज़ोमैटो पर ऑर्डर कैंसिल करने को प्रोत्साहित नहीं करते हैं, क्योंकि इससे भारी मात्रा में भोजन की बर्बादी होती है। सख्त नीतियों और कैंसिलेशन के लिए नो-रिफंड नीति के बावजूद, ग्राहकों द्वारा विभिन्न कारणों से ज़ोमैटो पर 4 लाख से अधिक ऑर्डर कैंसल कर दिए जाते हैं।
हमारे लिए, रेस्तरां उद्योग और यहां तक कि इन ऑर्डरों को कैंसल करने वाले ग्राहकों के लिए सबसे बड़ी चिंता यह है कि किसी तरह भोजन को बर्बाद होने से बचाया जाए। आज, हम एक नई सुविधा शुरू कर रहे हैं, जिसका नाम रखा है Food Rescue। कैंसिल किए गए ऑर्डर अब आस-पास के ग्राहकों के लिए पॉप अप हो जाएंगे, जो उन्हें पैकेजिंग में बिना छेड़छाड़ किए ही बहुत ही कम मूल्य पर आर्डर करने पर कुछ ही मिनटों में डिलिवर हो जाएंगे।”
Zomato अपने पास केवल सरकारी टैक्स की राशि ही रखेगा
मीडिया की एक रिपोर्ट के अनुसार, जिस ऑरिजिनल कस्टमर ने Zomato से ऑनलाइन फूड आर्डर किया था और उसके बाद आर्डर को कैंसल कर दिया था, वो और उसके आसपास में रहने वाले लोग इस आर्डर को क्लेम नहीं कर पाएंगे। नए कस्टमर की ओर से Zomato को किए गए पेमेंट को रेस्टोरेंट पार्टनर और ऑरिजनल कस्टमर्स के बीच शेयर किया जाएगा, अगर उन्होंने इसका ऑनलाइन पेमेंट किया होगा तो। Zomato अपने पास केवल सरकारी टैक्स की राशि ही रखेगा। Zomato के फूड रेस्क्यू में आइसक्रीम, शेक या दूसरे खराब होने वाले आईटम्स शामिल नहीं किए जाएंगे। Zomato डिलीवरी पार्टनर को पूरे ट्रिप की पेमेंट करेगा।





