नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । आज के वित्तीय समय में लोन या क्रेडिट कार्ड केवल आपकी आय पर नहीं, बल्कि क्रेडिट स्कोर पर भी निर्भर करता है। बैंक और वित्तीय संस्थान सबसे पहले यह देखती हैं कि आपने पहले लिए गए उधार को समय पर और जिम्मेदारी से चुकाया है। यही जिम्मेदारी आपके क्रेडिट स्कोर में दर्शाई जाती है।
अगर किसी का क्रेडिट स्कोर 800 या उससे ऊपर है, तो उसे वित्तीय क्षेत्र में लगभग परफेक्ट माना जाता है। यह स्कोर 300 से 900 के बीच के रेंज में शीर्ष श्रेणी में आता है। ऐसे ग्राहकों को बैंक और फाइनेंशियल कंपनियां कम जोखिम वाला मानती हैं और उन्हें लोन या क्रेडिट कार्ड लेने में विशेष सुविधा और अतिरिक्त लाभ देती हैं। इसका मतलब है कि अच्छी क्रेडिट हिस्ट्री रखने वाले लोग आसानी से फाइनेंशियल प्रोडक्ट्स का फायदा उठा सकते हैं।
800+ क्रेडिट स्कोर: जानें इसका मतलब और फायदे
क्रेडिट स्कोर 800 से ऊपर होने का मतलब यह है कि आपकी रीपेमेंट हिस्ट्री बेहद मजबूत रही है। इसका संकेत है कि आपने समय पर ईएमआई चुकाई, क्रेडिट कार्ड का जिम्मेदारी से इस्तेमाल किया और जरूरत से ज्यादा उधार नहीं लिया। यही कारण है कि प्रमुख क्रेडिट ब्यूरो जैसे CIBIL, Experian, Equifax और CRIF High Mark आपको टॉप श्रेणी में रखते हैं। इतना उच्च स्कोर यह भी दर्शाता है कि आपका क्रेडिट यूटिलाइजेशन कम है और आपने लंबे समय तक वित्तीय अनुशासन बनाए रखा है। इस भरोसेमंद वित्तीय व्यवहार के चलते बैंक और अन्य फाइनेंशियल संस्थान आपके ऊपर अधिक भरोसा करते हैं।
लोन अप्रूवल और आसान प्रोसेसिंग
जो लोग 800+ क्रेडिट स्कोर रखते हैं, उन्हें लोन अप्रूवल की प्रक्रिया में काफी आसानी और तेजी मिलती है। बैंक ऐसे ग्राहकों को कम कागजात में ही लोन प्रदान करते हैं, क्योंकि उनका ट्रैक रिकॉर्ड पहले से भरोसेमंद होता है। कुछ बैंक तो बिना किसी दस्तावेज़ के ही लोन जारी कर देते हैं, और वह भी कुछ ही सेकेंड्स में। चाहे वह पर्सनल लोन हो, होम लोन या कार लोन, उच्च क्रेडिट स्कोर वाले ग्राहकों को हमेशा प्राथमिकता दी जाती है। कई बार उन्हें प्री-अप्रूव्ड ऑफर भी मिल जाते हैं, जिसमें सिर्फ एक क्लिक करने भर से पैसा सीधे खाते में आ जाता है।
कम ब्याज और बेहतर शर्तों की सुविधा
इतनी उच्च क्रेडिट स्कोर का सबसे बड़ा लाभ होता है कम ब्याज दर। बैंक ऐसे ग्राहकों को अपने ब्याज दर रेंज के निचले स्तर पर लोन प्रदान करते हैं, यानी जो दर आम लोगों को आसानी से नहीं मिलती, वह 800+ स्कोर वालों के लिए उपलब्ध हो जाती है। इसके अलावा, ऐसे ग्राहक प्रोसेसिंग फीस में छूट, लोन की लंबी अवधि या बेहतर शर्तों पर बातचीत करने की सुविधा भी पा सकते हैं। बैंक उन्हें खोना नहीं चाहते, इसलिए उनकी मांगों को गंभीरता से सुनते हैं और स्वीकार करते हैं।
प्रीमियम कार्ड और एक्सक्लूसिव ऑफर का फायदा
जो ग्राहक 800+ क्रेडिट स्कोर रखते हैं, उन्हें प्रीमियम क्रेडिट कार्ड मिलने की संभावना अधिक होती है। ऐसे कार्ड में आमतौर पर एयरपोर्ट लाउंज एक्सेस, ट्रैवल रिवॉर्ड्स, कैशबैक और उच्च क्रेडिट लिमिट जैसी सुविधाएं शामिल होती हैं। इसके अलावा, फेस्टिव सीजन या सैलरी क्रेडिट के समय, ऐसे ग्राहकों को प्री-अप्रूव्ड पर्सनल लोन और कार्ड अपग्रेड के विशेष ऑफर भी मिल सकते हैं।
कैसे बनाए 800+ क्रेडिट स्कोर ?
इतना शानदार क्रेडिट स्कोर बनाए रखना उतना ही जरूरी है जितना इसे हासिल करना। इसके लिए सबसे अहम है कि आप ईएमआई और क्रेडिट कार्ड के बिल समय पर चुकाएं। इसके साथ, अपनी क्रेडिट लिमिट का अधिक इस्तेमाल करने से बचें। नियमित अंतराल पर अपनी क्रेडिट रिपोर्ट की समीक्षा करना भी जरूरी है, ताकि किसी गलती या अनजाने में हुई समस्या को तुरंत सुधारा जा सके। ये सरल आदतें आपके स्कोर को स्थायी रूप से मजबूत बनाए रखती हैं और फाइनेंशियल प्रोफाइल को भरोसेमंद बनाती हैं।
800+ क्रेडिट स्कोर वित्तीय भरोसे का प्रमाण
800+ का क्रेडिट स्कोर केवल एक संख्या नहीं है, बल्कि यह आपकी वित्तीय साख का मजबूत प्रमाण है। इतना उच्च स्कोर आपको कम ब्याज दर, तेज़ लोन अप्रूवल और प्रीमियम फाइनेंशियल उत्पादों तक आसान पहुँच देता है। यदि इसे सही ढंग से बनाए रखा जाए, तो यह भविष्य में आपकी सभी बड़ी वित्तीय जरूरतों को पूरा करने में सहायक बन सकता है और वित्तीय निर्णयों को सरल बना सकता है।





