नई दिल्ली, रफ्तार। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा आम बजट में कस्टम ड्यूटी कम किए जाने के ऐलान के बाद सोने-चांदी की कीमतों में गिरावट का सिलसिला जारी है। बजट से एक दिन पहले 22 जुलाई को सोने के दाम मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर 72718 रुपए प्रति 10 ग्राम थे। 23 जुलाई को बजट वाले दिन 4000 रुपए भाव कम हो गए। यह 68700 रुपए प्रति 10 ग्राम पर आ गए। आज दाम में 1117 रुपए की कमी आई। अब MCX पर सोना 67835 रुपए है। मतलब 3 दिनों में सोने के भाव में 5000 रुपए से ज्यादा की कमी आई है। चांदी के भाव में भी भारी गिरावट आई है। पिछले तीन दिनों में चांदी 8000 रुपए प्रति किलो सस्ता हो गया है।
22 जुलाई को चांदी के क्या भाव थे?
22 जुलाई को MCX पर चांदी के भाव 89203 रुपए प्रति किलो थे। बजट वाले दिन चांदी के भाव 5000 रुपए कम हो गए। आज यह 3000 रुपए और सस्ता हुई है। MCX पर यह आज 81891 रुपए पर कारोबार कर रहा है। मतलब पिछले 3 दिनों में चांदी के भाव में 8000 रुपए की कमी आई है।
सोने-चांदी पर कस्टम ड्यूटी घटाकर 6 प्रतिशत
केंद्र सरकार ने सोने-चांदी पर लागू कस्टम ड्यूटी कम करके 6% कर दी है। इसके बाद सोना एमसीएक्स पर तेजी से गिरा और 4000 रुपए प्रति 10 ग्राम तक सस्ता हो गया। MCX पर गोल्ड फ्यूचर्स कारोबार के दौरान मंगलवार को 72850 रुपए प्रति 10 ग्राम पर था। जैसे ही कस्टम ड्यूटी कम किए जाने का ऐलान हुआ, इसके भाव तेजी से गिरने लगे। यह 68500 रुपए प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। यानी कुछ घंटों में सोने की कीमत 4350 रुपए तक घट गई।




