नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को भारत से रूस से तेल खरीद जारी रखने पर 25 प्रतिशत अतिरिक्त टैरिफ लगाने का आदेश जारी किया। इसके बाद भारतीय उत्पादों पर अमेरिका में लगने वाला टैरिफ 50 प्रतिशत तक पहुंच गया। इससे भारत के कपड़ा, समुद्री उत्पाद और चमड़ा जैसे निर्यात क्षेत्रों पर नकरात्मक प्रभाव पड़ने की संभावना जताई जा रही है। भारत ने इस कदम को “अनुचित और अविवेकपूर्ण” बताया। इस भारी भरकम टैरिफ लगाने के बाद भी ट्रंप ने संकेत दिए हैं कि कई और सेकेंडरी सैंक्शन भी लगाए जा सकते हैं।
अमेरिका ने भारतीय वस्तुओं पर 50% टैरिफ लगाने का किया ऐलान
भारतीय विदेश मंत्रालय ने कहा कि भारत पर अतिरिक्त शुल्क लगाने का अमेरिकी निर्णय बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। मंत्रालय ने यह भी कहा कि भारत अपने राष्ट्रीय हितों की रक्षा के लिए सभी जरूरी कदम उठाएगा। पिछले हफ्ते ट्रंप ने भारत पर 25 प्रतिशत टैरिफ लगाने की घोषणा की थी, और साथ ही यह भी चेतावनी दी थी कि रूस के साथ व्यापार जारी रखने पर भारत पर अतिरिक्त जुर्माना लगाया जाएगा। इसके बाद, बुधवार को उन्होंने भारतीय उत्पादों पर 25 प्रतिशत और टैरिफ बढ़ाने की घोषणा कर दी, जिसके परिणामस्वरूप कुछ विशेष वस्तुओं को छोड़कर बाकी सभी भारतीय वस्तुओं पर अब कुल 50 प्रतिशत टैरिफ लागू होगा।
ट्रंप ने भारत पर कई सेकेंडरी सैंक्शन लगाने की दी धमकी
भारत और रूस के बीच तेल और सैन्य व्यापार को लेकर ट्रंप बेहद नाराज हैं और अपनी शक्ति का गलत इस्तेमाल करते हुए भारत पर दबाव बनाने की कोशिश कर रहे हैं। हालांकि, भारत ने साफ कर दिया है कि वह ट्रंप के फैसलों के आगे नहीं झुकेगा। बुधवार को भारत पर 25 प्रतिशत अतिरिक्त टैरिफ लगाने के बाद ट्रंप ने कहा, “आपको कई सेकेंडरी सैंक्शन देखने को मिलेंगे।” इसका मतलब यह है कि 50 प्रतिशत टैरिफ लगाने के बावजूद ट्रंप भारत से पूरी तरह संतुष्ट नहीं हैं और अब वह भारत पर कई और सेकेंडरी सैंक्शन लगाने की योजना बना रहे हैं। सेकेंडरी सैंक्शन एक आर्थिक प्रतिबंध होता है, जो उन देशों पर लगाया जाता है जो पहले से प्रतिबंधित देशों के साथ व्यापार करते हैं, जैसे कि भारत, जो रूस के साथ व्यापार करता है।
7 अगस्त से लागू होगा प्रारंभिक टैरिफ
बुधवार को भारत पर 25 प्रतिशत अतिरिक्त टैरिफ लगाने के आदेश में कहा गया कि, “यह टैरिफ अन्य किसी शुल्क, टैक्स, वसूली और प्रभार के अलावा, आयातों की कीमतों के अनुसार लगाया जाएगा।” प्रारंभिक टैरिफ 7 अगस्त से प्रभावी होगा, जबकि अतिरिक्त 25 प्रतिशत टैरिफ 21 दिन बाद लागू होगा। ट्रंप ने मंगलवार को स्पष्ट चेतावनी दी थी कि यदि भारत ने रूस से तेल और गैस खरीदने का सिलसिला जारी रखा, तो वे 24 घंटे के अंदर भारी टैरिफ लागू कर देंगे।




