नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। भारतीय शेयर बाजार ने मंगलवार के कारोबारी सत्र की शुरुआत तेजी (Bullish Trend) के साथ हुई। बीएसई सेंसेक्स इंडेक्स 93.83 अंक या 0.11% की बढ़त के साथ 81,883.95 पर खुला, जबकि एनएसई का निफ्टी 50 इंडेक्स 7.65 अंक की बढ़त के साथ 25,085.30 पर ओपन हुआ।
Sensex के प्रमुख शेयरों में मिला-जुला रुख
सुबह 9:30 बजे तक, Sensex 81,921 और निफ्टी 25,114 के स्तर पर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे। मंगलवार सुबह बीएसई सेंसेक्स में बजाज फाइनेंस, पावरग्रिड, आईसीआईसीआई बैंक और टाटा स्टील के शेयर हरे निशान पर ट्रेड कर रहे थे। वहीं, ऐक्सिस बैंक, टाटा मोटर्स, टीसीएस और ट्रेंट के शेयरों में हल्की गिरावट देखने को मिली।
सोमवार को दिखी थी जोरदार तेजी
पिछले कारोबारी दिन यानी सोमवार को भारतीय शेयर बाजार ने शानदार प्रदर्शन किया था। बीएसई सेंसेक्स 582.95 अंक (0.72%) बढ़कर 81,790.12 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 50 इंडेक्स 183.40 अंक (0.74%) उछलकर 25,077.65 पर बंद हुआ था। शेयर बाजार में खरीदारी का जोरदार माहौल रहा, जिससे बाजार पूरे दिन बुलिश ट्रेंड में बना रहा। सोमवार को बैंकिंग और आईटी सेक्टर के शेयरों में जोरदार खरीदारी देखने को मिली। बैंक निफ्टी के सभी 12 शेयर हरे निशान पर बंद हुए, और बैंकिंग शेयरों में पिछले पांच कारोबारी सत्रों में करीब 3% की उछाल दर्ज की गई। वैश्विक बाजारों से मिले सकारात्मक संकेत और रुपये में 5 पैसे की मजबूती ने भी निवेशकों का मनोबल बढ़ाया, जिससे मार्केट में स्थिरता और तेजी दोनों देखने को मिली।
दिन के टॉप गेनर और लूजर
BSE इंडेक्स टीसीएस, टेक महिंद्रा, ऐक्सिस बैंक, कोटक बैंक और इटरनल लिमिटेड में सबसे ज्यादा तेजी दर्ज की गई। टॉप लूजर: टाटा स्टील, अडानी पोर्ट्स, पावरग्रिड और आईटीसी के शेयरों में गिरावट देखने को मिली। मार्केट एक्सपर्ट्स का मानना है कि घरेलू आर्थिक संकेतक मजबूत हैं और विदेशी निवेशकों की वापसी से निफ्टी और सेंसेक्स में स्थिर वृद्धि जारी रह सकती है। आईटी और बैंकिंग सेक्टर में खरीदारी का रुझान जारी रहने की उम्मीद है, जबकि मेटल और एफएमसीजी शेयरों में हल्का उतार-चढ़ाव देखा जा सकता है। भारतीय शेयर बाजार फिलहाल सकारात्मक ट्रैक पर नजर आ रहा है। मजबूत घरेलू संकेत, रुपये की मजबूती और वैश्विक बाजारों में सुधार ने मिलकर बाजार में बुलिश माहौल बना दिया है। अगर यह रुझान जारी रहा, तो निफ्टी के 25,200 के पार जाने और सेंसेक्स के 82,000 का आंकड़ा छूने की संभावना जताई जा रही है।




