नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क । देश भर में पोस्ट ऑफिस की बचत योजनाएं बहुत लोकप्रिय है। अपने बचत के पैसे जमा करने और भविष्य में सुरक्षित फंड का इंतजाम को लेकर पोस्ट में निवेश किया जाता है। पोस्ट के तहत देश के नागरिकों की सुविधा और उनकी जरूरतों के आधार पर कई तरह की बचत योजनाएं चलाता है।
पोस्ट ऑफिस में RD, TD, MIS, PPF, किसान विकास पत्र समेत कई तरह के खाते खुलवाए जा सकते हैं। आज हम यहां मंथली इनकम स्कीम यानी MIS के बारे में जानेंगे। MIS एक ऐसी बचत योजना है, जिसमें आपको एकमुश्त निवेश करना होता है, जिसके बाद आपको हर महीने ब्याज के पैसों का भुगतान किया जाता है।
यहां हम जानेंगे कि MIS स्कीम में 2 लाख रुपये जमा करें तो हर महीने कितने रुपये का ब्याज मिलेगा। इसके साथ ही, हम इस स्कीम से जुड़ी कुछ बेहद जरूरी बातें भी जानेंगे।
सिर्फ इतने पैसे में खुला जा सकता है MIS खाता
मंथली इनकम स्कीम (Monthly Income Scheme) के तहत कम से कम 1000 रुपये से खाता खुलवाया जा सकता है। इस योजना में सिंगल खाते में अधिकतम 9 लाख रुपये जमा कर सकते हैं। अगर आप संयुक्त खाता खुलवाते हैं तो इसमें अधिकतम 15 लाख रुपये भी जमा कर सकते हैं।
संयुक्त खाते में अधिकतम 3 लोगों के नाम जोड़े जा सकते हैं। पोस्ट ऑफिस की MIS स्कीम पर अभी 7.6 प्रतिशत का ब्याज मिल रहा है। डाकघर की मंथली इनकम स्कीम के तहत खुलवाया गया खाता 5 साल में बंद हो जाता है।
MIS स्कीम में कितने रुपये जमा करने पर मिलेगा ब्याज
पोस्ट ऑफिस की MIS स्कीम में निवेश करने के लिए आपके पास डाकघर का बचत खाता होना चाहिए। अगर आपके पास डाकघर का बचत खाता नहीं है तो पहले आपको डाकघर का बचत खाता खुलवाना होगा, जिसके बाद आप मंथली इनकम स्कीम में भी खाता खुलवा सकते हैं।
हर महीने मिलेगा फिक्स गारंटीड ब्याज
अगर आप इस योजना में 2 लाख रुपये जमा करते हैं तो आपको 5 साल तक हर महीने 1233 रुपये का फिक्स और गारंटीड ब्याज मिलेगा। 5 साल पूरे होने के बाद आपके द्वारा जमा किए गए पूरे 2 लाख रुपये वापस आपके खाते में आ जाएंगे। इसके साथ ही, 5 साल में 1233 रुपये के हिसाब से आपको कुल 73,980 रुपये का ब्याज भी मिल जाएगा।
Disclaimer: ये आर्टिकल सिर्फ जानकारी के उद्देश्य से लिखा गया है। किसी भी प्रकार के निवेश से पहले वित्तीय सलाहकार से सलाह जरूर लें।





