नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । पोस्ट ऑफिस की योजनाएं उन लोगों के लिए बेहतरीन विकल्प होती हैं जो सुरक्षित निवेश के साथ अच्छा रिटर्न भी चाहते हैं। इन स्कीम्स में निवेश करने पर मैच्योरिटी पर बिना किसी जोखिम के अच्छा मुनाफा कमाया जा सकता है। हालांकि, इसका लाभ उठाने के लिए शुरुआत से ही सही राशि का निवेश करना जरूरी होता है। ऐसे में अगर आप एक सेफ और लॉन्ग टर्म इन्वेस्टमेंट विकल्प की तलाश में हैं, तो सुकन्या समृद्धि योजना (SSY) एक बेहतरीन विकल्प हो सकती है। इस स्कीम के तहत अगर आप रोजाना सिर्फ 400 रुपये बचाते हैं, तो बेटी के भविष्य के लिए एक मजबूत और सुरक्षित फंड तैयार किया जा सकता है, जिसकी वैल्यू लाखों में हो सकती है।
इस योजना में कितना मिलेगा रिटर्न?
डाकघर की सुकन्या समृद्धि योजना में निवेश करने पर फिलहाल लगभग 8.2% सालाना ब्याज मिल रहा है। खास बात यह है कि यह पूरी स्कीम टैक्स फ्री है, यानी निवेश से लेकर ब्याज और मैच्योरिटी अमाउंट तक पर कोई टैक्स नहीं लगता। इस योजना में आप कम राशि से भी निवेश शुरू कर सकते हैं, लेकिन अगर आप लंबी अवधि तक नियमित निवेश करते हैं, तो मैच्योरिटी पर एक बड़ा और सुरक्षित फंड तैयार हो सकता है। यह फंड आपकी बेटी की उच्च शिक्षा, शादी या अन्य महत्वपूर्ण खर्चों में बेहद मददगार साबित होता है। साथ ही, यह स्कीम सरकारी गारंटी के साथ सुरक्षित और तय रिटर्न भी देती है, जिससे निवेशकों को जोखिम का डर नहीं रहता।
इस स्कीम में कितनी राशि कर सकते हैं निवेश?
सुकन्या समृद्धि योजना के तहत आप हर साल कम से कम 250 रुपये और अधिकतम 1.50 लाख रुपये तक निवेश कर सकते हैं। यह खाता किसी 10 साल से कम उम्र की बेटी के नाम पर खोला जा सकता है। एक परिवार में अधिकतम दो बेटियों के लिए खाते खोलने की अनुमति है। हालांकि, अगर जुड़वां बेटियों का मामला हो, तो तीन खातों की भी अनुमति दी जाती है। यह योजना बेटी की शिक्षा और विवाह जैसे महत्वपूर्ण खर्चों के लिए एक सुरक्षित और टैक्स-फ्री फंड तैयार करने का शानदार जरिया है।
400 से कैसे बनेंगे 70 लाख रुपये?
अगर आप अपनी बेटी के नाम पर सुकन्या समृद्धि योजना में खाता खोलते हैं और मैच्योरिटी पर लगभग 70 लाख रुपये का फंड तैयार करना चाहते हैं, तो इसके लिए आपको रोजाना करीब 400 रुपये की बचत करनी होगी। इस हिसाब से यह मासिक 12,500 रुपये और सालाना 1.5 लाख रुपये का निवेश बनता है। जो कि इस योजना की अधिकतम सीमा है। अगर आप बेटी की उम्र 5 साल होने पर यह निवेश शुरू करते हैं, तो 21 साल बाद आपको लगभग 69,27,578 रुपये का फंड मिलेगा। इसमें आपको केवल पहले 15 साल तक ही निवेश करना होता है, उसके बाद खाते में कोई राशि नहीं डालनी होती, लेकिन ब्याज जुड़ता रहता है। इस पूरे समय में आपका कुल निवेश होगा 22,50,000, रुपये, जबकि आपको ब्याज से करीब 46,77,578 रुपये का अतिरिक्त रिटर्न मिलेगा। यानी बिना किसी जोखिम के बेटी के भविष्य के लिए एक सुरक्षित और मजबूत फंड तैयार हो जाएगा।
पैरेंट्स के हाथों में होगा निवेश का नियंत्रण
सुकन्या समृद्धि योजना में खाता खुलने के बाद आप अधिकतम 15 साल तक पैसे जमा कर सकते हैं। यदि किसी वित्तीय वर्ष में कम से कम 250 रुपये जमा नहीं किए जाते हैं, तो खाता डिफॉल्ट हो सकता है, लेकिन इसे 15 साल के अंदर पुनः सक्रिय किया जा सकता है। बेटी की उम्र 18 साल होने से पहले खाता उसके माता-पिता या अभिभावकों द्वारा संचालित किया जाता है। निकासी तभी संभव होती है जब बेटी की उम्र 18 साल पूरी हो जाए या वह 10वीं कक्षा उत्तीर्ण कर ले। पैसे निकासी एकमुश्त या सालाना किस्तों में भी लिए जा सकते हैं। खाता खोलने की तारीख से 21 साल बाद यह योजना मैच्योर हो जाती है, लेकिन डिपॉजिट सिर्फ पहले 15 सालों तक ही करना होता है।
नोट : यह लेख केवल सामान्य जानकारी के लिए है और इसे निवेश सलाह के रूप में नहीं लिया जाना चाहिए। निवेश करने से पहले हमेशा किसी योग्य वित्तीय सलाहकार से परामर्श करें।





