नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। साल 2026 के पहले कारोबारी सप्ताह की शुरुआत भारतीय शेयर बाजार के लिए कमजोर रही। सोमवार, 5 जनवरी को शेयर बाजार लाल निशान के साथ खुला। शुरुआती कारोबार में आईटी शेयरों में भारी दबाव देखने को मिला, जिससे सेंसेक्स और निफ्टी दोनों में गिरावट दर्ज की गई।
गिरावट के साथ खुला बाजार
बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में करीब 122 अंक टूटकर 85,640 के स्तर पर खुला। वहीं, एनएसई का निफ्टी 50 पहले मामूली बढ़त के साथ खुला, लेकिन कुछ ही देर में फिसलकर लाल निशान में आ गया। शुरुआती सत्र में निफ्टी करीब 30 अंक गिरकर 26,297 के आसपास ट्रेड करता दिखा।
आईटी शेयरों पर सबसे ज्यादा दबाव
शुरुआती कारोबार में आईटी सेक्टर सबसे ज्यादा दबाव में रहा। HCL Tech करीब 2.43% गिरकर 1600 रुपये के आसपास ट्रेड करता दिखा। Infosys में 2% से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई। Tech Mahindra करीब 1.16% और TCS में लगभग 1% की कमजोरी देखी गई। आईटी शेयरों में बिकवाली से बाजार की धारणा कमजोर हुई। बाजार पर अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम का भी असर दिखा। अमेरिका द्वारा वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो के खिलाफ उठाए गए कदमों से वैश्विक बाजारों में अनिश्चितता बनी हुई है, जिसका असर घरेलू शेयर बाजार की शुरुआत पर भी पड़ा।
गिफ्ट निफ्टी दे रहा था पॉजिटिव संकेत
हालांकि बाजार खुलने से पहले गिफ्ट निफ्टी करीब 11 अंक की बढ़त के साथ 26,544 के आसपास ट्रेड कर रहा था, जिससे सपाट या हल्की तेजी के संकेत मिल रहे थे। लेकिन ओपनिंग के बाद बिकवाली हावी हो गई। गौरतलब है कि इससे पहले भारतीय शेयर बाजार ने नए साल की शुरुआत शानदार तरीके से की थी। निफ्टी 50 ऑल-टाइम हाई पर पहुंच गया था। बैंक, ऑटो और मेटल सेक्टर में अच्छी तेजी देखी गई थी। निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स भी रिकॉर्ड ऊंचाई पर बंद हुआ था। शुक्रवार, 2 जनवरी को निफ्टी 26,328 के रिकॉर्ड क्लोजिंग लेवल पर बंद हुआ था। दूसरी ओर, एशियाई बाजारों में मजबूती देखने को मिली। टेक्नोलॉजी और सेमीकंडक्टर शेयरों में खरीदारी से MSCI एशिया इंडेक्स रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गया। सैमसंग जैसी बड़ी कंपनियों के शेयर फायदे में रहे।




