नई दिल्ली, रफ्तार। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) की स्पेशल अमृत कलश योजना में निवेश के लिए कुछ दिन शेष हैं। इस खास योजना में निवेश की अंतिम तिथि कई बार बढ़ाई जा चुकी है। फिलहाल इसमें निवेश की डेडलाइन 31 मार्च है। योजना के तहत बैंक रेगुलर FD की तुलना में अधिक ब्याज ऑफर कर रहा है। सीनियर सिटीजन को रेगुलर ग्राहकों से अधिक ब्याज मिलेगा।
जानें किसे मिलेगा कितना ब्याज
अमृत कलश योजना 400 दिनों की अवधि की है। इसमें रेगुलर ग्राहकों को 7.10% ब्याज दिया जा रहा है। वहीं, सीनियर सिटीजन को 7.60% की दर से ब्याज ऑफर किया जा रहा है। कोई ग्राहक इसमें अधिकतम 2 करोड़ रुपए की FD करा सकता है। ग्राहक चाहें तो सहूलियत के हिसाब से ब्याज का भुगतान मंथली, तिमाही, छमाही या सालाना आधार पर ले सकते हैं।
मैच्योरिटी से पहले निकासी पर पैसा कटेगा
अमृत कलश योजना में कोई ग्राहक मैच्योरिटी से पहले पैसा निकालता है तो उसे लागू ब्याज दर में आधा से 1 प्रतिशत की कटौती होगी। कोई ग्राहक 1 लाख का निवेश करता है तो उसे सालाना ब्याज में 8017 रुपए मिलेंगे। सीनियर सिटीजन को 8600 रुपए ब्याज मिलेगा। FD मैच्योर होने पर TDS काटकर ब्याज की रकम खाते में जमा की जाएगी।
रेगुलर FD पर कितना ब्याज?
स्टेट बैंक ऑफ इंडिया 7 दिनों से 10 साल के लिए 3.50 प्रतिशत से 7 प्रतिशत ब्याज देता है। सीनियर सिटिजन को 7 दिनों से 10 साल तक की अवधि के लिए 4 प्रतिशत से 7.50% तक ब्याज ऑफर करता है। अमृत कलश योजना में ऑनलाइन या ऑफलाइन निवेश किया जा सकता है। ऑनलाइन निवेश के लिए नेटबैंकिंग या YONO एप के जरिए पैसा लगा सकते हैं।
अन्य खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in




