नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। भारतीय रिजर्व बैंक के गवर्नर शक्तिकांत दास को सीने में दर्द के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आज सुबह शक्तिकांत दास को सीने में तेज दर्द हुआ और उन्हें तुरंत चेन्नई के अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया। विशेषज्ञ डॉक्टरों की एक टीम ने शक्तिकांत दास की स्वास्थ्य स्थिति पर बारीकी से नजर रखी है और आपातकालीन इकाई में उपचार जारी है। सूत्रों ने बताया कि उनका स्वास्थ्य स्थिर है।
उनके स्वास्थ्य के ताजा अपडेट को लेकर भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के प्रवक्ता का कहना है ने कहा कि शक्तिकांत दास को एसिडिटी की शिकायत थी जिसके चलते उन्हें चेकअप के लिए चेन्नई के अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अब उनकी हालत ठीक है और अगले कुछ घंटों में उन्हें छुट्टी दे दी जाएगी। इनका कहना यह भी है कि चिंता करने की कोई बात नहीं है।
आपको बता दें कि शक्तिकांत दास दिल्ली के स्टीफंस कॉलेज से पोस्ट ग्रेजुएट और 1980 बैच के IAS अधिकारी हैं। वह मई 2017 तक आर्थिक मामलों के सचिव थे। दास ने 12 दिसंबर 2018 को RBI के 25वें गवर्नर के रूप में कार्यभार संभाला। उर्जित पटेल के इस्तीफे के बाद उन्हें गवर्नर बनाया गया था । नवंबर 2016 में जब नोटबंदी हुई थी तब भी दास सबसे आगे थे। दास ने 15वें वित्त आयोग के सदस्य के रूप में भी कार्य किया है । इसके साथ ही शक्तिकांत दास को लगातार दूसरे वर्ष दुनिया के टॉप सेंट्रल बैंकर के रूप में चुना गया है। सेंट्रल बैंक रिपोर्ट कार्ड 2024 में शक्तिकांत दास को एक बार फिर A+ ग्रेड मिला है। यह सम्मान वाशिंगटन डीसी, USA में ग्लोबल फाइनेंस द्वारा आरबीआई गवर्नर को प्रदान किया गया था।





