नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। आज सुबह 10 बजे भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की मौद्रिक नीति समिति (MPC) की बैठक का फैसला सामने आ सकता है। उम्मीद जताई जा रही है कि इस बार RBI आम जनता को बड़ा तोहफा दे सकता है। देश की सबसे बड़ी बैंक SBI की रिसर्च रिपोर्ट के मुताबिक RBI इस बार रेपो रेट में 0.50% (50 बेसिस प्वाइंट) तक की कटौती कर सकता है।
क्या होता है रेपो रेट?
रेपो रेट वह दर होती है जिस पर RBI बैंकों को कर्ज देता है। जब RBI रेपो रेट घटाता है, तो बैंकों को सस्ते में पैसा मिलता है और वे लोगों को सस्ते ब्याज पर लोन देते हैं। इसका सीधा असर आपकी होम लोन, ऑटो लोन और पर्सनल लोन की EMI पर पड़ता है। फिलहाल RBI का रेपो रेट 6% है। अगर इसमें 25 बेसिस प्वाइंट की कटौती होती है, तो यह 5.75% हो जाएगा। 50 बेसिस प्वाइंट की कटौती के बाद यह घटकर 5.50% पर आ जाएगा।
होम लोन पर कितना फायदा?
अगर आपका बैंक होम लोन पर अभी 9% ब्याज ले रहा है, तो 25 बेसिस प्वाइंट कटौती के बाद यह घटकर 8.75% हो सकता है। वहीं, 50 बेसिस प्वाइंट कटौती के बाद ब्याज 8.50% रह सकता है। यानि आपकी EMI में अच्छी-खासी राहत मिल सकती है। मान लीजिए आपने 50 लाख रुपये का होम लोन 30 साल के लिए लिया है। अभी 9% ब्याज पर आपकी EMI लगभग 40,231 रुपये बनती है। अगर ब्याज दर 8.5% हो जाती है तो EMI घटकर 38,446 रुपये हो जाएगी।
हर महीने 1,785 की बचत!
20 लाख के लोन पर क्या होगा असर? अगर आपने 20 लाख रुपये का लोन 20 साल के लिए 9% पर लिया है EMI अभी 17,995 रुपये है। 50 बेसिस प्वाइंट कटौती के बाद यह EMI घटकर 17,356 हो सकती है। रेपो रेट में कटौती का असर सिर्फ होम लोन ही नहीं, बल्कि ऑटो लोन, पर्सनल लोन, और बिजनेस लोन पर भी पड़ेगा। अगर बैंक ब्याज दरों में कटौती करते हैं तो हर तरह के लोन लेने वालों को राहत मिलेगी। RBI के गवर्नर संजय मल्होत्रा आज सुबह 10 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए यह ऐलान कर सकते हैं। आम लोगों के लिए यह फैसला बड़ी राहत लेकर आ सकता है। अगर आप नया लोन लेने की सोच रहे हैं या पहले से लोन चुका रहे हैं, तो आज का दिन आपके लिए फायदेमंद साबित हो सकता है। RBI की ओर से कटौती के बाद बैंकों पर भी दबाव रहेगा कि वो ब्याज दरें घटाएं।




