नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क। नए वित्त वर्ष के दूसरे महीने की शुरुआत आज यानी कि 1 मई से शुरू हो गई है। तेल कंपनियों ने 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल सिलेंडर के दाम घटा दिए हैं। बता दें कि सीएनजी और पीएनजी की कीमतें भी इन्हीं कीमतों के आधार पर निर्धारित की जाती हैं। OMC (तेल विपणन कंपनियों) ने विमानन ईंधन की कीमतों में भी कमी की है, इसलिए हवाई यात्रा अब थोड़ी सस्ती भी हो सकती है। नई कीमतें आज से लागू हो गई हैं।
एलपीजी सिलेंडर की कीमत में इतनी कमी आई है
तेल विपणन कंपनियों ने 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 14.50 रुपये प्रति सिलेंडर की कटौती की है। हालांकि, घरेलू उपयोग के लिए एलपीजी सिलेंडर की कीमत में कोई बदलाव नहीं किया गया है। मेट्रो शहरों में 19 किग्रा. सिलेंडर की कीमतें इस तरह से निर्धारित कर दी गई हैं। दिल्ली में 1747.50 रुपये, कोलकाता में 1851.50 रुपये, मुंबई में रु. 1699.00 और चेन्नई में रु. 1906.00 सिलेंडर की नई कीमत है।
एयरलाइनों को राहत, विमान ईंधन सस्ता हुआ
एयरलाइन कंपनियों के लिए भी अच्छी खबर है क्योंकि तेल कंपनियों ने भी एविएशन फ्यूल यानी जेट फ्यूल की कीमतों में कटौती की है। अब गर्म दिनों में हवाई यात्रा कुछ सस्ती हो सकती है। एटीएफ की कीमत में 3954.38 रुपये प्रति किलोलीटर की कमी आई है। ये नई कीमतें आज से लागू हो गई हैं। मेट्रो शहरों में एटीएफ की कीमतें देखें तो नई दिल्ली में 85,486.80 रुपये, मुंबई में 79,855.59 रुपये, कोलकाता में 88,237.05 रुपये, चेन्नई में 88,494.52 रुपये है। इस तरह से देखें तो यह निर्णय केंद्र सरकार का आम जनता और कारोबारी क्षेत्र के लिए राहत भरा है।





