नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क । आज आधार कार्ड सिर्फ एक पहचान पत्र नहीं, बल्कि हमारी जिंदगी का अहम हिस्सा बन चुका है। इसके बिना बैंकिंग, सरकारी योजनाओं और कई जरूरी काम रुक सकते हैं। यही कारण है कि आधार के बिना आधुनिक जीवन की सुविधाओं तक पहुंच अधूरी मानी जाती है। इतना ही नहीं, अगर आपके पास आधार नहीं है तो आप किसी सरकारी योजना का लाभ भी नहीं उठा सकते हैं।
आधार की बढ़ती जरूरत और महत्व को देखते हुए सरकार ने नया मोबाइल ऐप e-Aadhaar लॉन्च करने की तैयारी शुरू कर दी है। यह ऐप आधार में बदलाव या सुधार कराने में उपयोगी साबित होगा और नागरिकों को डिजिटल तरीके से अपनी जानकारी अपडेट करने की सुविधा प्रदान करेगा।
e-Aadhaar मिनटों में हो जाएगा ये काम
e-Aadhaar ऐप के जरिए आप कहीं भी और कभी भी अपने आधार की डिटेल्स जैसे नाम, जन्म तिथि, पता और मोबाइल नंबर को आसानी से अपडेट या बदल सकते हैं। अभी तक इन बदलावों के लिए आधार केंद्र जाना पड़ता था और लंबी लाइनों में घंटों इंतजार करना होता था।
लेकिन नया e-Aadhaar ऐप आने के बाद आपको नाम, पता, जन्म तिथि या मोबाइल नंबर अपडेट कराने के लिए आधार सेंटर जाने की जरूरत नहीं होगी। आप अब कहीं भी और कभी भी ये सभी विवरण आसानी से अपडेट या बदल सकते हैं।
कब लॉन्च होगा e-Aadhaar ऐप
अब आपके मन में सवाल हो सकता है कि e-Aadhaar ऐप कब लॉन्च होगा। इसके बारे में जानकारी यह है कि ऐप पर अभी कई काम चल रहे हैं और इसे लोगों की सुविधा को ध्यान में रखकर डिजाइन किया जा रहा है। इसलिए इसके लॉन्च में कुछ समय लग सकता है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, ई-आधार मोबाइल ऐप इस साल के अंत तक लॉन्च होने की संभावना है। लॉन्च के बाद आप इसे अपने मोबाइल फोन में डाउनलोड करके सभी सुविधाओं का लाभ उठा सकेंगे।
अभी काम कर रहा है m-Aadhaar ऐप
बताते चलें कि, वर्तमान में m-Aadhaar ऐप उपलब्ध है। इसके जरिए आप आधार डाउनलोड कर सकते हैं, पीवीसी कार्ड ऑर्डर कर सकते हैं, आधार अपडेट की हिस्ट्री देख सकते हैं, आधार सेंटर के लिए अपॉइंटमेंट बुक कर सकते हैं और बायोमेट्रिक लॉक/अनलॉक, आधार लॉक/अनलॉक जैसी कई सुविधाओं का लाभ उठा सकते हैं।





