नई दिल्ली, रफ्तार। देश में नई सरकार के गठन की सरगरमी के बीच 5 जून को नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) ने वर्ल्ड रिकॉर्ड बना दिया। बुधवार की सुबह 9.15 से शुरू हुए कारोबार में शाम 3.30 बजे कारोबार बंद होने तक 19.71 अरब ऑर्डर हुए। इसी के साथ एनएसई ने एक दिन में सबसे अधिक ऑर्डर का माइलस्टोन हासिल कर लिया। इस दिन 28.05 करोड़ ट्रेड भी हुई हैं।
एनएसई सीईओ ने किया ऐलान
एनएसई सीईओ आशीष चौहान (Ashish Chauhan) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर बताया कि हमने 5 जून को को सिर्फ 6 घंटे और 15 मिनट में 19.71 अरब ऑर्डर हैंडल किए। एक दिन पहले मंगलवार को अपेक्षित चुनाव नतीजे न आने से शेयर मार्केट में ऐतिहासिक गिरावट दर्ज हुई थी। सेंसेक्स 6000 अंक और निफ्टी करीब 2000 अंक फिसला था।
PM मोदी के सत्ता में लौटने की उम्मीद से ऊपर उठा बाजार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लगातार तीसरी बार सरकार बनने की उम्मीदों के चलते शेयर मार्केट में बुधवार को जबरदस्त उछाल दिखा। कारोबार खत्म होने पर बीएसई सेंसेक्स (BSE Sensex) 2303 अंक चढ़कर 74382 अंकों पर बंद हुआ। एनएसई का निफ्टी (NSE Nifty) 735 अंक उछलकर 22620 अंकों पर बंद हो गया।
निवेशकों की संपत्ति 12 लाख करोड़ बढ़ी
भारतीय शेयर बाजार के मार्केट कैप में मंगलवार को 31 लाख करोड़ की गिरावट आई थी। अगले दिन यानी बुधवार को मार्केट में जोरदार तेजी से मार्केट कैप उछला। बीएसई पर लिस्टेड स्टॉक्स का मार्केट कैप फिर से 400 लाख करोड़ को पार कर गया। यह 407.58 लाख करोड़ रुपए पर जा पहुंचा। आज के सत्र में निवेशकों की संपत्ति में 12.75 लाख करोड़ रुपए का उछाल दिखा।
अन्य खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in





