नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। सोना-चांदी की कीमतों में शुक्रवार को बड़ी गिरावट देखने को मिली, लगातार तूफानी तेजी के बाद इन कीमती धातुओं के भाव खुलते ही क्रैश हो गए। सबसे ज्यादा झटका चांदी को लगा है-MCX पर चांदी का वायदा भाव करीब 24,000 रुपये तक टूट गया। वहीं सोने की कीमतों में भी तेज गिरावट दर्ज की गई और यह खुलते ही लगभग 8,000 रुपये प्रति 10 ग्राम तक सस्ता हो गया। इस अचानक आई गिरावट से निवेशकों और बाजार में हलचल तेज हो गई है।
एक दिन में रिकॉर्ड गिरावट
चांदी की कीमतों में शुक्रवार को जोरदार गिरावट देखने को मिली। बीते कारोबारी दिन गुरुवार को मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर चांदी रॉकेट की रफ्तार से चढ़ते हुए इतिहास में पहली बार 4 लाख रुपये प्रति किलो के पार पहुंच गई थी और कारोबार के अंत में 3,99,893 रुपये प्रति किलो पर बंद हुई थी। लेकिन शुक्रवार को बाजार खुलते ही तस्वीर बदल गई। 5 मार्च एक्सपायरी वाली चांदी का वायदा भाव 23,993 रुपये टूटकर सीधे 3,75,900 रुपये प्रति किलो पर आ गया।
लाइफटाइम हाई से भारी गिरावट
गुरुवार को चांदी ने जो नया लाइफटाइम हाई बनाया था, उसकी तुलना में यह गिरावट और भी चौंकाने वाली है। चांदी का उच्चतम स्तर 4,20,048 रुपये प्रति किलो था, जहां से सिर्फ एक ही दिन में यह करीब 44,148 रुपये तक सस्ती हो गई। इतनी बड़ी एकदिनी गिरावट ने निवेशकों को सतर्क कर दिया है और बाजार में भारी उतार-चढ़ाव का माहौल बना हुआ है।
सोना भी हुआ सस्ता
चांदी के बाद सोने की कीमतों में भी शुक्रवार को बड़ा झटका देखने को मिला। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर गोल्ड रेट में क्रैश दर्ज किया गया। बीते कारोबारी दिन गुरुवार को सोना भी चांदी की तरह जबरदस्त तेजी के साथ भागा था और नया ऑलटाइम हाई छूने के बाद 1,83,962 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। लेकिन शुक्रवार को जैसे ही 2 अप्रैल एक्सपायरी वाला गोल्ड ओपन हुआ, एक ही झटके में 8,862 रुपये टूटकर 1,75,100 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर आ गया।
गोल्ड लाइफटाइम हाई से करीब 18 हजार नीचे
गुरुवार को ही सोने ने 1,93,096 रुपये प्रति 10 ग्राम का नया लाइफटाइम हाई बनाया था। इस उच्चतम स्तर की तुलना करें तो शुक्रवार को सोने की कीमतों में करीब 17,996 रुपये की बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। इतनी तेज एक दिन की गिरावट ने निवेशकों को सतर्क कर दिया है और बाजार में भारी उतार-चढ़ाव का माहौल बना हुआ है।
सोना-चांदी में गिरावट के पीछे क्या है वजह?
एमसीएक्स से लेकर ग्लोबल बाजारों तक सोना-चांदी की कीमतों में आई भारी गिरावट के पीछे कई अहम कारण सामने आ रहे हैं। एक्सपर्ट्स के मुताबिक, कीमती धातुएं जब तेजी से नए हाई लेवल पर पहुंचीं, तो बाजार में जोरदार बिकवाली देखने को मिली। निवेशकों द्वारा की गई मुनाफावसूली के चलते कीमतों में अचानक और तेज गिरावट दर्ज की गई।
ग्लोबल संकेतों का भी असर
इसके अलावा वैश्विक स्तर पर तनाव का माहौल बना हुआ है, लेकिन टैरिफ अटैक के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का ईरान के साथ परमाणु समझौते को लेकर बातचीत की दिशा में कदम बढ़ाना भी बाजार पर असर डालता दिखा है। भू-राजनीतिक तनाव में नरमी के संकेत मिलने से सुरक्षित निवेश माने जाने वाले सोना-चांदी पर दबाव बढ़ा और दाम फिसलते चले गए।





