नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । Instagram ने कंटेंट क्रिएटर्स के लिए नए एनालिटिक्स फीचर्स लॉन्च किए हैं, जो उन्हें यह समझने में मदद करेंगे कि कौन-सा पोस्ट क्यों और कितना प्रभावी है। Meta के स्वामित्व वाले इस प्लेटफॉर्म के अपडेट से क्रिएटर्स यूजर्स की एक्टिविटी को विस्तार से ट्रैक कर सकेंगे, जैसे कि किस समय और किस प्रकार की इंगेजमेंट उनके पोस्ट पर हो रही है।
अब रील्स पर ‘Reel Like Insights’ फीचर के जरिए क्रिएटर्स को पता चलेगा कि दर्शकों ने वीडियो के किस सेकंड पर लाइक किया। यह जानकारी इंटरएक्टिव चार्ट के रूप में मिलेगी, जिससे वीडियो के सबसे आकर्षक हिस्से को समझना आसान होगा। इसके अलावा, लाइक्स, शेयर, सेव, कमेंट और कुल इंटरैक्शन का भी डेटा उपलब्ध होगा।
पाई चार्ट की मदद से जानें गहराई से आंकड़े
इसी तरह, इंस्टाग्राम ने कैरोसेल लाइक इनसाइट्स भी जोड़ा है, जिससे फोटो कैरोसेल पोस्ट में यह आसानी से पता लगाया जा सकेगा कि किस स्लाइड पर सबसे ज्यादा लाइक्स मिले। पाई चार्ट के जरिए फॉलोअर्स और नॉन-फॉलोअर्स के बीच हुए इंटरएक्शन को भी समझना आसान होगा, साथ ही यह भी दिखेगा कि किस स्लाइड को सबसे ज्यादा प्रतिक्रिया मिली है।
पोस्ट-लेवल डेमोग्राफिक डेटा की सुविधा भी अब मिलेगी
पहले इंस्टाग्राम पर केवल पूरे अकाउंट का डेमोग्राफिक डेटा उपलब्ध होता था, जैसे उम्र, देश और लिंग। लेकिन अब ये जानकारी हर एक पोस्ट और रील के लिए भी हासिल की जा सकेगी। इससे क्रिएटर्स को यह समझने में मदद मिलेगी कि उनका कौन-सा कंटेंट किस प्रकार के दर्शकों के बीच अधिक लोकप्रिय है।
फॉलोअर्स की ग्रोथ का मिलेगा गहराई से विश्लेषण
इंस्टाग्राम ने ‘Followers Insights’ सेक्शन को अपडेट किया है, जिससे क्रिएटर्स अब आसानी से पता लगा सकेंगे कि किस रील या पोस्ट से उन्हें सबसे ज्यादा नए फॉलोअर्स मिले या कितने खोए। इस फीचर में नए फॉलो, अनफॉलो और कुल ग्रोथ के ट्रेंड्स दिखाए जाएंगे, जो क्रिएटर्स को यह समझने में मदद करेंगे कि कौन-सा कंटेंट ऑडियंस को जोड़े रखने में सबसे प्रभावशाली है।
मेट्रिक की जगह आएगा नया ‘Viewers’ मेट्रिक
इंस्टाग्राम जल्द ही ‘Accounts Reached’ मेट्रिक की जगह नया ‘Viewers’ मेट्रिक लॉन्च करने वाला है, जो यूजर इंगेजमेंट को और अधिक गहराई से दिखाएगा। इसमें कंटेंट के प्रकार के आधार पर इंटरएक्शन को अलग-अलग कैटेगरी में बांटा जाएगा, जिससे क्रिएटर्स को यह समझने में आसानी होगी कि कौन सा कंटेंट सबसे ज्यादा एक्टिविटी पैदा कर रहा है।
ये सभी फीचर्स धीरे-धीरे दुनियाभर में रोलआउट किए जा रहे हैं और इंस्टाग्राम की उस दिशा में एक बड़ा कदम हैं, जहां वह क्रिएटर्स को अपने कंटेंट को और बेहतर बनाने के लिए अधिक सटीक और उपयोगी जानकारी प्रदान करना चाहता है।




