नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । एनफोसिस के सह-संस्थापक नारायण मूर्ति ने एक बार फिर 70 घंटे के कार्य सप्ताह के विचार को दोहराया है। उन्होंने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि उन्हें देश को विश्व गुरु बनाने के लिए कड़ी मेहनत करनी होगी। कोलकाता में इंडियन चैंबर ऑफ कॉमर्स के शताब्दी समारोह के शुभारंभ पर बोलते हुए, मूर्ति ने भारत के युवाओं को अपनी आकांक्षाओं को बढ़ाने और गरीबी जैसे मुद्दों से निपटने के लिए लगन से काम करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
ये है नारायण मूर्ति का तर्क
मूर्ति ने कहा कि 80 करोड़ से अधिक भारतीय मुफ्त राशन पर निर्भर हैं, इसका मतलब है कि करोड़ों भारतीय गरीबी में जी रहे हैं। आरपीएसजी ग्रुप के चेयरमैन संजीव गोयनका से बातचीत के दौरान उन्होंने पूछा, ‘अगर हम मेहनत करने की स्थिति में नहीं हैं तो मेहनत कौन करेगा?’
1970 के दशक में पेरिस में अपने अनुभवों को याद करते हुए, मूर्ति बताते हैं कि कैसे पश्चिमी समृद्धि के संपर्क ने उनकी उद्यमशीलता यात्रा को प्रभावित किया। उन्होंने कहा, “पश्चिम में हर कोई बहुत अमीर था और ट्रेनें समय पर चलती थीं। तभी मुझे एहसास हुआ कि गरीबी से लड़ने का एकमात्र तरीका ऐसी नौकरियां पैदा करना है जो खर्च करने योग्य आय पैदा करें। उद्यमिता में सरकारों की कोई भूमिका नहीं है।”
उन्होंने कहा कि अगर कोई देश पूंजीवाद अपनाएगा तो वह अच्छी सड़कें, अच्छी रेलगाड़ियां और अच्छा बुनियादी ढांचा बनाएगा। भारत जैसे गरीब देश में जहां पूंजीवाद ने जड़ें नहीं जमायी हैं। मुझे एहसास हुआ कि मैं वापस आकर उद्यमिता के साथ प्रयोग करना चाहता हूं।
यह पहली बार नहीं है कि नारायण मूर्ति ने 70 घंटे के कार्य के सप्ताह की वकालत की है। इससे पहले भी 2023 में उन्होंने देश के युवाओं को हफ्ते में 70 घंटे काम करने की सलाह दी थी. हालांकि सोशल मीडिया पर कई लोगों ने इसका विरोध किया। इसके लिए उन्हें समर्थन भी मिला. हालांकि, विशेषज्ञों का मानना है कि इसका लोगों के स्वास्थ्य पर नकारात्मक असर पड़ेगा।





