नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । नए साल की शुरुआत के साथ ही एलपीजी गैस उपभोक्ताओं को झटका लगा है। आज 1 जनवरी 2026 से कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दामों में 111 रुपये की बढ़ोतरी कर दी गई है। हालांकि, घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
इंडियन ऑयल की ओर से जारी नई दरों के मुताबिक, दिल्ली में 19 किलो का कॉमर्शियल सिलेंडर अब 1580.50 रुपये की जगह 1691.50 रुपये का हो गया है। कोलकाता में इसकी कीमत बढ़कर 1795 रुपये हो गई है, जो पहले 1684 रुपये थी। मुंबई में सिलेंडर अब 1642.50 रुपये का हो गया है, जबकि पहले यह 1531.50 रुपये में मिलता था। वहीं चेन्नई में कॉमर्शियल सिलेंडर की नई कीमत 1849.50 रुपये तय की गई है।
घरेलू LPG सिलेंडर के दाम स्थिर
इंडियन ऑयल के ताजा आंकड़ों के अनुसार देश में घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू सिलेंडर की कीमत दिल्ली में ₹853, मुंबई में ₹852.50 और लखनऊ में ₹890.50 बनी हुई है। अन्य शहरों की बात करें तो कारगिल में घरेलू सिलेंडर ₹985.5 में मिल रहा है, पुलवामा में इसकी कीमत ₹969 है, जबकि बागेश्वर में ₹890.5 तय की गई है। वहीं पटना में उपभोक्ताओं को घरेलू एलपीजी सिलेंडर ₹951 में मिल रहा है।
2025 में घरेलू LPG महंगा, लेकिन कॉमर्शियल सिलेंडर हुआ सस्ता
साल 2025 के दौरान घरेलू एलपीजी सिलेंडर इस्तेमाल करने वाले उपभोक्ताओं को करीब 50 रुपये की बढ़ोतरी का सामना करना पड़ा। वहीं दूसरी ओर, कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में बड़ी राहत देखने को मिली। दिल्ली में 19 किलो का कॉमर्शियल सिलेंडर एक साल में 1818.50 रुपये से घटकर 1580.50 रुपये प्रति सिलेंडर तक आ गया, जिससे कारोबारियों को राहत मिली।
महानगरों में औसतन ₹238 तक सस्ता हुआ सिलेंडर
कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों ने साल 2025 में व्यवसायियों को बड़ी राहत दी। जनवरी 2025 से दिसंबर 2025 के बीच दिल्ली, कोलकाता, मुंबई और चेन्नई जैसे प्रमुख शहरों में 19 किलो वाले सिलेंडर के दाम औसतन ₹238 प्रति सिलेंडर तक घटे।
कब कितनी हुई कीमतों में गिरावट
जनवरी में सिलेंडर ₹14.50 से ₹16 तक सस्ता हुआ। फरवरी में ₹4 से ₹7 की राहत मिली। अप्रैल में कीमतों में ₹41 से ₹44.50 तक की बड़ी कटौती दर्ज की गई। मई में ₹14.50 से ₹17, जून में ₹24 से ₹25.50 और जुलाई में सबसे ज्यादा ₹57 से ₹58.50 तक की गिरावट देखी गई। अगस्त में ₹33.50 से ₹34.50, सितंबर में ₹50.50 से ₹51.50 और नवंबर में ₹4.50 से ₹6.50 तक दाम घटे। दिसंबर 2025 में भी सिलेंडर ₹10 से ₹10.50 तक सस्ता हुआ।
कितनी बार सस्ता हुआ सिलेंडर
साल 2025 में 19 किलो वाला कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर कुल 10 बार सस्ता हुआ। सबसे बड़ी गिरावट जुलाई, सितंबर और अप्रैल में दर्ज की गई। वहीं मार्च और अक्टूबर में हल्की बढ़ोतरी देखी गई, जब कीमतें क्रमशः ₹15.50 और ₹6 बढ़ीं।





