नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। भारतीय शेयर बाजार में गुरुवार, 22 जनवरी को शानदार तेजी देखने को मिली। हफ्ते के चौथे कारोबारी दिन बाजार की शुरुआत पॉजिटिव रही। बीएसई सेंसेक्स और एनएसई निफ्टी 50 दोनों ही हरे निशान पर खुले। अमेरिकी नेता डोनाल्ड ट्रंप के भारत के साथ ट्रेड डील को लेकर दिए गए सकारात्मक बयान का असर सीधे बाजार की चाल पर देखने को मिला।
ट्रंप के बयान से बदला बाजार का रुख
पिछले कुछ दिनों से टैरिफ को लेकर ट्रंप के बयानों के चलते बाजार में उतार-चढ़ाव बना हुआ था। जब भी टैरिफ को लेकर सख्ती की बात हुई, बाजार में गिरावट आई। लेकिन हाल ही में ट्रंप ने भारत के साथ “अच्छी ट्रेड डील” की संभावना जताई, जिससे निवेशकों का भरोसा बढ़ा और बाजार में तेजी लौट आई।
सेंसेक्स और निफ्टी की मजबूत शुरुआत
गुरुवार को बाजार खुलते ही सेंसेक्स 550 अंक की तेजी के साथ 82,459 के स्तर पर खुला निफ्टी 50 186 अंक चढ़कर 25,344 के स्तर पर पहुंच गया सुबह करीब 9:27 बजे तक सेंसेक्स 577 अंक की बढ़त के साथ 82,486 पर कारोबार कर रहा था, जबकि निफ्टी 210 अंक उछलकर 25,368 के स्तर पर ट्रेड करता दिखा। आज के कारोबार में कई बड़े शेयरों में मजबूत खरीदारी देखने को मिली। बीएसई के टॉप गेनर रहे एटरनल, एशियन पेंट्स, अडानी पोर्ट्स, टाटा स्टील और कोटक महिंद्रा बैंक।
बुधवार को बाजार में रही थी गिरावट
इससे पहले बुधवार, 21 जनवरी को शेयर बाजार में गिरावट देखने को मिली थी। सेंसेक्स 270 अंक गिरकर 81,909 पर बंद हुआ था निफ्टी 75 अंक फिसलकर 25,157 के स्तर पर बंद हुआ था उस दिन बाजार में बिकवाली का दबाव बना रहा था और कई सेक्टर लाल निशान पर बंद हुए थे। गुरुवार को आई तेजी से निवेशकों को बड़ी राहत मिली है। लगातार गिरावट के बाद बाजार में पॉजिटिव माहौल बनता नजर आ रहा है। जानकारों का मानना है कि अगर ग्लोबल संकेत सकारात्मक बने रहते हैं और ट्रेड डील को लेकर ठोस संकेत मिलते हैं, तो बाजार में आगे भी मजबूती देखने को मिल सकती है।





