नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। अमेरिका के सैन फ्रांसिस्को में OpenAI के रहस्य खोलने वाले भारतीय इंजीनियर सुचिर बालाजी की रहस्यमयी मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में पुलिस इसे आत्महत्या का मामला बता रही है। सुचिर की मौत पर एलन मस्क समेत कई लोगों ने सोशल मीडिया पर अपना रिएक्शन दिया है।
OpenAI पर कॉपीराइट उल्लंघन को लेकर लगाए थे आरोप
गौरतलब है कि 26 साल के भारतीय अमेरिकी ने अक्टूबर में दिए एक इंटरव्यू में ओपनएआई से कॉपीराइट कानून तोड़ने के बारे में चिंता जताई थी। उन्होंने लगभग चार साल तक OpenAI में काम किया था । इस साल की शुरुआत में सुचिर कंपनी से अलग हो गए थे और उन्होंने OpenAI पर कॉपीराइट उल्लंघन को लेकर कई आरोप भी लगाए थे।
सुचिर ने किया था ये पोस्ट
सुचिर ने मौत से कुछ दिन पहले ही सोशल मीडिया पर पोस्ट कर लिखा था कि ‘शुरुआत में मुझे कॉपीराइट, फेयर यूज के बारे में ज्यादा कुछ पता नही था, लेकिन GenAI कंपनियों के खिलाफ चल रहे केस के बाद मुझे इसे लेकर दिलचस्पी बढ़ी थी। इस मामले को समझने के बाद मैंने पाया कि कई जनरेटिव AI कंपनियों के लिए फेयर यूज अंसभव जैसी स्थिति है।
जानिए कौन थे सुचिर बालाजी ?
लिंक्डइन से मिली जानकारी के अनुसार सुचिर बालाजी ने यूनिवर्सिटी ऑफ कैलिफोर्निया बर्कले में कंप्यूटर साइंस की पढ़ाई पूरी की थी। उन्होंने ओपनएआई और स्केल एआई में इंटर्नशिप भी की थी। ओपनएआई में काम करते हुए उन्होंने शुरुआती दिनों में वेबजीपीटी पर काम किया। इसके बाद उन्होंने GPT-4 के लिए प्रीट्रेनिंग टीम, O-1 के साथ रीजनिंग टीम और ChatGPT के लिए पोस्ट-ट्रेनिंग पर काम किया।
दोस्तों ने दी थी मौत की जानकारी
सुचिर बालाजी की मौत की घटना 26 नवंबर की है, जो 14 दिसंबर को सामने आई है। पुलिस रिपोर्ट्स के अनुसार सुचिर अपने दोस्तों के फोन कॉल का जवाब नहीं दे रहे थे, जब उनके दोस्त फ्लैट पर मिलने पहुंचे थे। फ्लैट का दरवाजा अंदर से बंद था, इसके बाद पुलिस को इसकी जानकारी दी गई। पुलिस ने फ्लैट का दरवाजा तोड़ा और अंदर घुसी जहां सुचिर का शव मिला था।





