नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । आज के समय में निवेश के ढेरों विकल्प मौजूद हैं, लेकिन ज्यादातर लोग ब्याज दर को देखकर ही निवेश का निर्णय लेते हैं, ताकि ज्यादा से ज्यादा मुनाफा हो सके। लेकिन अगर आप ये भी जान लें कि किसी स्कीम में पैसा लगाने के बाद वह कितने सालों में दोगुना, तिगुना या चौगुना हो जाएगा, तो आपकी फाइनेंशियल प्लानिंग कहीं ज्यादा स्मार्ट और सटीक हो सकती है।
इसी जरूरत को ध्यान में रखते हुए हम यहां तीन ऐसे आसान फॉर्मूले बता रहे हैं जो आपको यह गणना करने में मदद करेंगे कि आपके निवेश की रकम कितने समय में कितनी गुना होगी। इन फॉर्मूलों को समझने के बाद आप चुटकियों में जान पाएंगे कि आपका पैसा कब तक आपका लक्ष्य पूरा करने लायक बन जाएगा। ये फॉर्मूले न केवल आपकी निवेश रणनीति को मजबूत बनाते हैं, बल्कि भविष्य की जरूरतों की प्लानिंग में भी बेहद मददगार साबित होते हैं।
Rule of 72 : जानिए कब दोगुना होगा आपका पैसा
निवेश की दुनिया में Rule of 72 सबसे सरल और लोकप्रिय फॉर्मूला है, जिसकी मदद से आप आसानी से यह जान सकते हैं कि किसी निश्चित ब्याज दर पर आपका पैसा कितने सालों में दोगुना हो जाएगा। इस फॉर्मूले को इस्तेमाल करना बेहद आसान है। आपको केवल 72 को उस ब्याज दर से भाग देना है, जिस पर आप निवेश कर रहे हैं।
उदाहरण :-
मान लीजिए आपने पोस्ट ऑफिस एफडी में पैसा लगाया है, जहां आपको 7.5% का सालाना ब्याज मिल रहा है।
अब फॉर्मूला लगाएं : 72 ÷ 7.5 = 9.6
यानी लगभग 9 साल 6 महीने (करीब 10 साल) में आपका निवेश किया हुआ पैसा दोगुना हो जाएगा।
Rule of 114 : जानिए कब होगा आपका पैसा तीन गुना
अगर आप जानना चाहते हैं कि कोई निवेश कितने समय में तीन गुना होगा, तो इसके लिए Rule of 114 सबसे कारगर फॉर्मूला है। यह नियम बिल्कुल Rule of 72 जैसा ही है, फर्क बस इतना है कि यहां आप 72 की जगह 114 का उपयोग करते हैं। इस फॉर्मूले का इस्तेमाल करने के लिए आपको सिर्फ यह जानना है कि आपका निवेश किस ब्याज दर पर बढ़ रहा है। फिर, 114 को उस ब्याज दर से डिवाइड कर दीजिए।
उदाहरण :-
मान लीजिए आपने पोस्ट ऑफिस एफडी में निवेश किया है, जहां सालाना ब्याज दर 7.5% है।
अब फॉर्मूला लगाएं : 114 ÷ 7.5 = 15.2
इसका मतलब है कि लगभग 15 साल 2 महीने में आपका पैसा तीन गुना हो जाएगा।
Rule of 144 : जानिए कब चौगुना होगी आपकी निवेश राशि
अगर आप यह समझना चाहते हैं कि कोई निवेश कितने समय में चौगुना हो जाएगा, तो Rule of 144 आपकी मदद के लिए सबसे आसान गणना का तरीका है। यह फॉर्मूला भी Rule of 72 और 114 की ही तरह काम करता है, आपको बस 144 को उस ब्याज दर से विभाजित करना होता है, जिस पर आपका पैसा बढ़ रहा है।
उदाहरण 1 :-
मान लीजिए किसी स्कीम में ब्याज दर 6% है, तो- 144 ÷ 6 = 24
यानी आपकी रकम 24 साल में चौगुनी हो जाएगी।
उदाहरण 2 :-
अगर ब्याज दर 7.5% है, तो- 144 ÷ 7.5 = 19.2
यानी लगभग 19 साल 2 महीने में आपका निवेश चार गुना हो जाएगा।
क्यों जरूरी हैं ये फॉर्मूले
– इन फॉर्मूलों की मदद से निवेश योजना बनाना आसान हो जाता है।
– रिटर्न का अनुमान लगाने के लिए किसी कैलकुलेटर की जरूरत नहीं पड़ती।
– इनके जरिए अलग-अलग स्कीम्स की तुलना तुरंत की जा सकती है।
– साथ ही, लॉन्ग टर्म गोल्स के लिए सही टाइमलाइन तय करने में भी ये फॉर्मूले मददगार साबित होते हैं।
ध्यान देने वाली बातें :-
– ये फॉर्मूले केवल अनुमानित गणना के लिए होते हैं, इसलिए इनमें कंपाउंडिंग फ्रिक्वेंसी और टैक्स का असर शामिल नहीं होता।
– अगर ब्याज दर में बदलाव होता है, तो परिणाम भी उसी अनुसार बदल जाएंगे।
– जिन स्कीम्स में मार्केट रिस्क जुड़ा होता है, वहां यह कैलकुलेशन पूरी तरह से 100% सटीक नहीं माना जा सकता।





