नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क । कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) ने अपने मेंबर्स को सौगात देते हुए एक नई सेवा शुरू की है। ईपीएफओ ने उमंग एप में कुछ अपडेट किए हैं। जिससे अब नियोक्ता और कर्मचारी दोनों ही अपने चेहरे की पहचान करके अपना यूनिवर्सल अकाउंट नंबर (यूएएन) एक्टिव कर सकते हैं। इससे कर्मचारियों की कई समस्याओं का समाधान हो जाएगा, जिनमें गलत व्यक्तिगत डिटेल्स या गुम मोबाइल नंबर का समाधान होने की उम्मीद है, जिससे अक्सर UAN बनने में देरी होती है।
ऐप में जुड़ीं ये नई सुविधाएं
यह सेवा उन यूजर्स के लिए है जिनके पास यूएएन नहीं है और वे इसे तुरंत जनरेट और सक्रिय कर सकते हैं। वहीं उन EPF सदस्यों के लिए भी है जिनके पास पहले से ही यूएएन है, लेकिन उन्होंने इसे अभी तक सक्रिय नहीं किया है। सदस्य अपने चेहरे की पहचान का उपयोग करके सुरक्षित पहचान सत्यापन कर सकते हैं।
इस प्रोसेस से जनरेट करें UAN
– प्ले स्टोर से उमंग ऐप और आधार फेस आरडी ऐप डाउनलोड करें।
– उमंग ऐप ओपन करें, UAN सेवाओं के अंतर्गत UAN एलोकेशन और एक्टिवेशन पर जाएं।
– आधार नंबर और आधार से जुड़ा मोबाइल नंबर एड करें।
– परमिशन पर ओके करें और मोबाइल नंबर पर भेजे गए OTP का उपयोग करके पुष्टि करें।
– ऐप के कैमरे के माध्यम से लाइव फेस कैप्चर का उपयोग करें।
– सफल ऑथेंटिकेशन के बाद UAN जेनरेट हो जाएगा और SMS के माध्यम से भेजा जाएगा।
-UAN सक्रिय हो जाएगा और कर्मचारी उमंग ऐप या सदस्य पोर्टल से अपना e-UAN कार्ड डाउनलोड कर सकता है।
फेस ऑथेंटिकेशन टेक्नोलॉजी के फायदे
– यूजर्स विवरण सीधा आधार डेटाबेस से लिया जाता है, जिससे प्रामाणिकता सुनिश्चित होती है।
– एक बार UAN एक्टिव हो जाने के बाद उपयोगकर्ता तुरंत EPF पासबुक देखने, KYC विवरण अपडेट करने, क्लेम जमा करने और अन्य सेवाओं तक पहुंच सकते हैं।
– बायोमेट्रिक फेस ऑथेंटिकेशन का उपयोग एक सुरक्षित लेयर जोड़ता है, जिससे पहचान की चोरी या डेटा हेरफेर की संभावना कम हो जाती है।




