नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। रोजमर्रा के इस्तेमाल होने वाले शैम्पू, साबुन और खाने-पीने की चीज़ें अब आपके बजट पर कम बोझ डालेंगी। देश की सबसे बड़ी FMCG कंपनी हिंदुस्तान यूनिलीवर लिमिटेड (HUL) ने अपने कई लोकप्रिय प्रोडक्ट्स के दाम घटाने का ऐलान किया है। नई कीमतें 22 सितंबर 2025 से लागू होंगी।
कौन-कौन से प्रोडक्ट हुए सस्ते?
अब 340ML का डव शैम्पू 435 रुपये में मिलेगा, हॉर्लिक्स का 200 ग्राम जार 110 रुपये में, किसान जैम 80 रुपये में और लाइफबॉय साबुन का 4 पैक 60 रुपये में उपलब्ध होगा। यह फैसला हाल ही में हुई GST काउंसिल की 56वीं बैठक के बाद लिया गया है। बैठक में शैम्पू, हेयर ऑयल, खाद्य उत्पादों और अन्य सामानों पर टैक्स घटा दिया गया। पहले जिन प्रोडक्ट्स पर 18% टैक्स लगता था, अब उन पर सिर्फ 5% लगेगा। मक्खन, घी, दूध, जैम, सॉस, पास्ता और नमकीन जैसे उत्पाद भी सस्ते होंगे। पनीर, पिज्जा ब्रेड, पराठे और UHT दूध को पूरी तरह GST फ्री कर दिया गया है।
ग्राहकों को क्या फायदा होगा?
HUL ने कहा है कि नए स्टॉक पर संशोधित MRP जल्द ही बाजार में आ जाएगा। कहीं-कहीं पर ग्राहकों को ज्यादा मात्रा (बढ़ा हुआ ग्रामेज़) भी उसी दाम में मिलेगा। कंपनियों को सरकार की ओर से बिना बिके स्टॉक पर स्टिकर लगाकर MRP बदलने की अनुमति दी गई है। यह बदलाव 31 दिसंबर 2025 तक लागू रहेगा या जब तक पुराना स्टॉक बिक नहीं जाता। केंद्रीय खाद्य और उपभोक्ता मामलों के मंत्री प्रल्हाद जोशी ने कहा कि कंपनियों को घटे हुए GST का सीधा फायदा उपभोक्ताओं तक पहुंचाना होगा। नया MRP स्टिकर, स्टाम्प या प्रिंट से बदला जा सकता है। कीमत में बदलाव केवल टैक्स कटौती के अनुरूप ही होना चाहिए। कंपनियों को इस बदलाव की जानकारी समाचार पत्रों, डीलरों और अधिकारियों को देनी होगी। 22 सितंबर से आपकी रसोई और बाथरूम की कई ज़रूरी चीज़ें सस्ती हो जाएंगी। यह कदम सीधे तौर पर उपभोक्ताओं की जेब को राहत देने वाला है।




