नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । भारत का डाक विभाग अब सिर्फ पत्र और पार्सल पहुंचाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह नागरिकों को कई प्रकार की बैंकिंग और वित्तीय सेवाएं भी मुहैया कराता है। पोस्ट ऑफिस ग्राहकों को विभिन्न बचत योजनाओं में निवेश करने की सुविधा देता है। डाकघर में सामान्य सेविंग्स अकाउंट के अलावा रेकरिंग डिपॉजिट (RD), टर्म डिपॉजिट (TD), मंथली इनकम स्कीम (MIS), सीनियर सिटिजन सेविंग्स स्कीम, पब्लिक प्रोविडेंट फंड (PPF), सुकन्या समृद्धि योजना (SSY), किसान विकास पत्र (KVP) और नेशनल सेविंग्स सर्टिफिकेट (NSC) जैसी योजनाएं उपलब्ध हैं। अब यहां जानेंगे कि क्या इन योजनाओं में महिलाओं को पुरुषों की तुलना में अधिक ब्याज दर का लाभ मिलता है? आइए विस्तार से समझते हैं।
क्या महिलाओं को पोस्ट ऑफिस की योजनाओं में ज्यादा ब्याज मिलता है?
पोस्ट ऑफिस की किसी भी बचत योजना में महिलाओं को पुरुषों की तुलना में अधिक ब्याज नहीं दिया जाता। डाकघर की सभी योजनाओं में महिला और पुरुष निवेशकों को समान ब्याज दर का लाभ मिलता है। यहां तक कि वरिष्ठ नागरिकों को भी। डाकघर की योजनाओं में महिलाओं और पुरुषों से अलग या अधिक ब्याज नहीं दिया जाता। चाहे वह सेविंग्स अकाउंट, आरडी, टीडी, मंथली इनकम स्कीम, पब्लिक प्रोविडेंट फंड या किसान विकास पत्र हो, सभी में सभी वर्गों को एक जैसी ब्याज दर मिलती है। बैंकों की बात करें तो, वे भी सेविंग्स, आरडी और एफडी खातों पर महिलाओं और पुरुषों को एक समान ब्याज देते हैं। हालांकि, फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) में बैंक अक्सर वरिष्ठ नागरिकों को कुछ अतिरिक्त ब्याज जरूर देते हैं।
SSY और SCSS : इन स्कीमों में मिलती है सबसे ज्यादा ब्याज दर
हालांकि पोस्ट ऑफिस की अधिकतर योजनाओं में सभी को समान ब्याज मिलता है, लेकिन कुछ खास स्कीमें ऐसी हैं, जो लड़कियों और वरिष्ठ नागरिकों को सबसे ज्यादा ब्याज प्रदान करती हैं। सुकन्या समृद्धि योजना (SSY) ऐसी ही एक स्कीम है, जिसमें 10 साल से कम उम्र की बालिकाओं के लिए खोले गए खातों पर 8.2% की ब्याज दर दी जा रही है। यह दर न सिर्फ पोस्ट ऑफिस की, बल्कि बैंकों की किसी भी बचत योजना से कहीं अधिक है। यह योजना भारत सरकार की एक केंद्रीय योजना है, जिसे पोस्ट ऑफिस के अलावा अधिकांश बैंकों में भी खोला जा सकता है। इसी तरह, सीनियर सिटीजन सेविंग्स स्कीम (SCSS) के तहत भी वरिष्ठ नागरिकों को 8.2% ब्याज का लाभ मिलता है। यह खाता भी पोस्ट ऑफिस के अलावा बैंकों में खोला जा सकता है और यह वरिष्ठ नागरिकों के लिए सबसे आकर्षक निवेश विकल्पों में से एक है।




