नई दिल्ली, रफ्तार न्यूज। दिल्ली एयरपोर्ट से यात्रा करने वालों के लिए खुशखबरी है। अब दिल्ली एयरपोर्ट यात्रियों के लिए एक महत्वपूर्ण और सुविधाजनक हब बन चुका है। दिल्ली एयरपोर्ट देश का पहला ऐसा एयरपोर्ट बन गया है जो 150 डेस्टिनेशन से जुड़ता है। दिल्ली एयरपोर्ट ने यह उपलब्धि रविवार 15 दिसंबर 2024 को हासिल की जब थाई एयर एशिया एक्स ने दिल्ली और बैंकॉक-डॉम मुआंग (DMK) के बीच सीधी उड़ाने भरना शुरु कर दिया। इसके साथ ही दिल्ली एयरपोर्ट को 150वें डेस्टिनेशन के रूप में यह सफलता मिली।
नई फ्लाइट और कनेक्टिविटी बढ़ी
दिल्ली अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा लिमिटेड (DIAL) ने सोमवार को बताया कि इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (IGI) हवाई अड्डा सोमवार को 150 एयरपोर्ट या डेस्टिनेशन से सीधा जुड़ने वाला भारत का पहला हवाई अड्डा बन गया है।
दिल्ली एयरपोर्ट पर डोमेस्टिक और इंटरनेशनल दोनों प्रकार की फ्लाइट्स उपलब्ध हैं। रविवार को शुरू हुई थाई एयरएशिया एक्स की सीधी उड़ान A-330 एयरबस के साथ संचालित होगी जो दिल्ली और बैंकॉक के बीच सप्ताह में दो बार चलेगी। 2025 तक इसे बढ़ाकर हफ्ते में चार बार किया जाएगा।
दिल्ली एयरपोर्ट ने पिछले कुछ सालों में 20 से ज्यादा नए अंतरराष्ट्रीय डेस्टिनेशन जोड़े हैं जैसे नोम पेन्ह, बाली डेनपसार, मॉन्ट्रियल, वैंकूवर, शिकागो और टोक्यो हनेडा।
दिल्ली का एयरपोर्ट लंबी दूरी के यात्रियों के लिए प्रमुख हब
दिल्ली एयरपोर्ट अब भारत से लंबी दूरी के यात्रियों का प्रमुख हब बन चुका है। लगभग 42% लंबी दूरी के यात्री दिल्ली एयरपोर्ट से अपनी यात्रा शुरू करते हैं। 2023 में दिल्ली एयरपोर्ट ने 6.5 करोड़ (65.3 मिलियन) यात्रियों की सेवा दी जिससे यह दुनिया के सबसे व्यस्त हवाई अड्डों में से एक बन गया।
CEO की प्रतिबद्धता
दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (DIAL) के CEO विदेह कुमार जयपुरियार ने कहा, ‘150 डेस्टिनेशन से जुड़ने का यह मील का पत्थर हमारी वैश्विक कनेक्टिविटी बढ़ाने और हाइऐस्ट ट्रैवलिंग एक्सपीरियंस देने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। हम भारत को विमानन के नए युग में लेकर जाने पर गर्व महसूस करते हैं और हम दुनिया भर के यात्रियों के लिए पसंदीदा केंद्र बनने के लिए समर्पित हैं’





