नयी दिल्ली, 10 मार्च (आईएएनएस)। घरेलू क्लाउड किचन कंपनी क्योरफूड्स ने मिल्कशेक ब्रांड फ्रोजन बॉटल की बहुमत हिस्सेदारी खरीदने की घोषणा की है। वर्ष 2020 में अंकित नागोरी द्वारा स्थापित क्योरफूड्स ने अपना पोर्टफोलियो बढ़ाने के लिये वर्ष 2017 में प्रांशुल यादव द्वारा स्थापित फ्रोजन बॉटल की बहुमत हिस्सेदारी का अधिग्रहण किया है। क्योरफूड्स से ईटफिट, यमलेन, केकजोन और ग्रेट इंडियन खिचड़ी जैसे ब्रांड जुड़े हैं। फ्रोजन बॉटल भारत का प्रसिद्ध मिल्क शेक ब्रांड बन गया है। क्योरफूड्स के मुख्य कारोबार अधिकारी गोकुल कांधी ने गुरुवार को बताया कि कंपनी फ्रोजन बॉटल के पोर्टफोलियो में और ब्रांड को जोड़ेगी ताकि यह उन ग्राहकों को भी पसंद आये जो मिल्कशेक या आइसक्रीम के साथ कुछ स्नैक्स खाना पसंद करते हों। यह आपूर्ति श्रृंखला को भी बेहतर बनाने में मदद करेगा। फ्रोजन बॉटल के देश के 25 शहरों में 110 से भी अधिक आउटलेट हैं और यह शत प्रतिशत शाकाहारी उत्पादों के लिये जाना जाता है। क्योरफूड्स ने हाल ही में मुम्बई स्थित मैवरिक्स के साथ अपने विलय की घोषणा की थी और साथ ही अमेरिकी पिज्जा चेन स्बारो की दक्षिण भारत की फ्रेंचाइजी खरीदी थी। –आईएएनएस एकेएस/आरजेएस




